अध्यक्ष चुनाव: खड़गे या थरूर? कौन होगा 'कांग्रेस का किंग' 9 हजार वोटर तय करेंगे उम्मीदवारों की किस्मत

Monday, Oct 17, 2022 - 08:47 AM (IST)

नेशनल डेस्क: देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस अपने अध्यक्ष का आज चुनाव कर रही है। पार्टी के तकरीबन 137 साल के इतिहास में छठी बार यह तय करने के लिए चुनावी मुकाबला होगा कि कौन पार्टी के इस अहम पद की कमान संभालेगा। इस बार  मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर के बीच कड़ा मुकाबला है। कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव में पार्टी के 9800 मतदाता (PCC डैलीगेट्स) सुबह 10 से शाम 4 बजे तक देशभर में 40 केंद्रों पर बनाए गए 68 पोलिंग बूथों पर वोट डालेंगे। पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा दिल्ली में वोट करेंगी जबकि पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ शिविर, बेल्लारी में बनाए गए बूथ पर वोट डालेंगे।

परिणाम 19 अक्तूबर को घोषित होगा

इस चुनाव का परिणाम 19 अक्तूबर को घोषित होगा। कांग्रेस के 137 साल के इतिहास में यह छठा अवसर है, जब वोट डाल कर पार्टी अध्यक्ष का चुनाव हो रहा है। आजादी के बाद से अब तक कांग्रेस के 17 अध्यक्ष रहे, जिसमें 5 बार गांधी परिवार के सदस्य रहे। इस बार पार्टी के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खरगे और तिरुवनंतपुरम से पार्टी के सांसद शशि थरूर के बीच मुकाबला है। करीब 22 साल बाद हो रहे कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव में 24 साल बाद गैर-गांधी परिवार के हाथ में पार्टी की कमान जा रही है। इससे पहले 2000 में चुनाव हुआ था, जब सोनिया गांधी कांग्रेस अध्यक्ष बनी थीं।

2017 में सोनिया ने यह दायित्व राहुल गांधी को सौंप दिया था लेकिन 2019 के लोकसभा चुनाव में हुई हार के बाद राहुल ने इस्तीफा दे दिया। तब से सोनिया पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष के तौर पर काम कर रही हैं। पार्टी की ओर से कोई भी आधिकारिक उम्मीदवार नहीं है, लेकिन खड़गे को तमाम बड़े नेताओं का समर्थन प्राप्त है। इनमें से कई उनके प्रस्तावक हैं। खड़गे को इस पद के लिए पसंदीदा तथा ‘‘अनाधिकारिक रूप से आधिकारिक उम्मीदवार'' माना जा रहा है और बड़ी संख्या में वरिष्ठ नेता उनका समर्थन कर रहे हैं जबकि थरूर ने अपने आप को बदलाव लाने वाले उम्मीदवार के तौर पर पेश किया है।

‘टिक’ लगाकर करना है मतदान

कांग्रेस के केंद्रीय चुनाव अधिकारी मधुसूदन मिस्त्री की ओर से जारी दिशा-निर्देश के मुताबिक यह चुनाव गुप्त मतदान के जरिए होगा। मतपत्र पर केवल दो उम्मीदवारों के नाम हैं। मतदाताओं को अपनी पसंद के किसी एक उम्मीदवार के नाम के सामने के बॉक्स में ‘टिक’ करना है। किसी अन्य तरह का चिन्ह लगाने या कुछ और लिखने से मत निरस्त कर दिया जाएगा। थरूर की टीम ने पार्टी के केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण अध्यक्ष के साथ मतपत्रों पर पसंद के उम्मीदवार के नाम के आगे ‘1’ लिखने के विषय को उठाते हुए कहा था कि इससे भ्रम पैदा हो सकता है जिसके बाद मतदाताओं को पसंदीदा प्रत्याशी के नाम के आगे ‘टिक’ का निशान लगाने को कहा गया है। 

Seema Sharma

Advertising