विश्वेश्वर हेगडे कागेरी बने कर्नाटक विधानसभा के स्पीकर

Wednesday, Jul 31, 2019 - 05:13 PM (IST)

बेंगलुरु: भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं छह बार विधायक रहे विश्वेश्वर हेगडे कागेरी को बुधवार को सर्वसम्मति से कर्नाटक विधानसभा का अध्यक्ष चुन लिया गया। मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा ने विधानसभा अध्यक्ष के लिए कागेरी के नाम का प्रस्ताव दिया और भारतीय जनता पार्टी  के सदस्य बसवराज बोम्मई ने उसका समर्थन किया। विपक्षी कांग्रेस और जनता दल (एस) ने इस पद के लिए किसी उम्मीदवार का नाम प्रस्तावित नहीं किया जिसके कारण कागेरी को सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुन लिया गया। उपाध्यक्ष कृष्णा रेड्डी ने कागेरी की उम्मीदवारी का प्रस्ताव सदन में रखा जो बिना किसी विरोध के पारित हो गया। 

कागेरी को येदियुरप्पा और विपक्ष के नेता एवं कांग्रेस सदस्य सिद्दारामैया अध्यक्ष की कुर्सी तक लेकर गए। येदियुरप्पा ने कहा कि पार्टी के सबसे वरिष्ठ विधायकों में से एक कागेरी के अनुभव से सदन को लाभ होगा। सिद्दारामैया ने भी कागेरी के अध्यक्ष चुने जाने का स्वागत किया और उम्मीद जताई कि वह निष्पक्ष होकर सदन की कार्यवाही का संचालन करेंगे। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष के आर रमेश कुमार, भाजपा नेता के एस ईश्वरप्पा, पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार और जद (एस) के सदस्य के. कुमारस्वामी समेत कई नेताओं ने सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से चलाने के लिए हरसंभव सहयोग देने का वादा किया।

shukdev

Advertising