विराट और अनुष्का ने किए अयोध्या धाम के दर्शन: रामलला और हनुमानगढ़ी में की पूजा-अर्चना

punjabkesari.in Sunday, May 25, 2025 - 01:22 PM (IST)

नेशनल डेस्क। भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली और उनकी पत्नी एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा ने आज सुबह अचानक अयोध्या धाम का दौरा किया। इस दौरान इस सेलिब्रिटी कपल ने रामलला और हनुमानगढ़ी मंदिर में बजरंग बली के दर्शन किए। दोनों ने काफी देर तक राम मंदिर और हनुमानगढ़ी में पूजन-अर्चना की और महंत संजय दास जी महाराज से मुलाकात कर आशीर्वाद भी लिया। कपल की पूजा-अर्चना की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।


विरुष्का की श्रद्धा और प्रशंसकों की भीड़

श्री ज्ञान दास जी महाराज के उत्तराधिकारी स्वामी संजयदास ने कहा, विराट कोहली और उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा दोनों श्री राम और भगवान हनुमान के प्रति बहुत श्रद्धावान हैं। इसलिए वह दर्शन के लिए आए थे। भगवान रामलला के साथ उन्होंने भगवान हनुमान का आशीर्वाद लिया और यहां की संस्कृति के बारे में कुछ चर्चाएं भी हुईं।

PunjabKesari

 

 

 

 

 

विरुष्का के नाम से मशहूर इस सेलिब्रिटी कपल को कड़ी सुरक्षा के बीच देखा गया। उनकी एक झलक पाने के लिए सैकड़ों प्रशंसक जमा हो गए थे। भारी भीड़ के बावजूद विराट और अनुष्का पवित्र स्थल पर पूजा-अर्चना करने में सफल रहे जिसे भगवान हनुमान को समर्पित शहर के सबसे प्रमुख मंदिरों में से एक माना जाता है। विराट कोहली को हनुमान मंदिर में हाथ जोड़कर प्रार्थना करते हुए देखा गया। उन्होंने क्रीम रंग का कुर्ता पहना था और गले में फूलों की माला पहनी थी। वहीं अनुष्का गुलाबी सलवार सूट में नजर आईं।

 

PunjabKesari

 

राम मंदिर में करीब आधा घंटा बिताया

बताया जा रहा है कि विराट कोहली पहली बार अपनी पत्नी अनुष्का के साथ कार से अयोध्या पहुंचे थे। रविवार सुबह करीब सात बजे कपल ने रामलला के दर्शन किए। दोनों करीब आधे घंटे तक राम मंदिर परिसर में रहे। उन्होंने रामलला और पूरे मंदिर को काफी देर तक ध्यान से देखा। उन्होंने पुजारियों से राम मंदिर की मूर्तियों और नक्काशी के बारे में जानकारी भी ली।

कपल की यह आध्यात्मिक यात्रा उनकी हाल ही में वृंदावन यात्रा के बाद हुई है जहां उन्होंने अपने बच्चों वामिका और अकाय कोहली के साथ प्रेमानंद गोविंद शरण जी महाराज से आशीर्वाद लिया था। उस यात्रा के वीडियो में दिल को छू लेने वाले पल कैद हुए हैं जब कपल ने भक्ति, विनम्रता और आंतरिक परिवर्तन के बारे में प्रेमानंद महाराज के संदेश को ध्यान से सुना था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Rohini Oberoi

Related News