55 रुपये का टोल, इस भाजपा जिलाध्यक्ष का रोल! VIP 'दादागिरी' का Video वायरल
punjabkesari.in Tuesday, Apr 22, 2025 - 10:56 AM (IST)

नेशनल डेस्क। राजस्थान के धौलपुर जिले में एक टोल प्लाजा पर भाजपा जिलाध्यक्ष सतेंद्र पाराशर और उनके साथियों का 55 रुपये के टोल टैक्स को लेकर विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बाड़ी-बसेड़ी मार्ग पर स्थित इस टोल प्लाजा पर हुई यह घटना करीब एक हफ्ते पुरानी बताई जा रही है।
वीडियो में साफ दिख रहा है कि भाजपा पदाधिकारी टोल टैक्स देने से इनकार कर रहे हैं। टोल कर्मी नियमों का हवाला देते हुए उनसे टोल चुकाने की बात कह रहे हैं लेकिन भाजपा पदाधिकारी किसी की सिफारिश का हवाला देकर बिना टोल दिए निकलने की कोशिश कर रहे हैं।
बातचीत के दौरान भाजपा पदाधिकारी ने किसी को फोन भी लगाया लेकिन टोल कर्मी अपनी बात पर अड़े रहे। उन्होंने यहां तक कह दिया कि वे एसपी से भी बात करा सकते हैं लेकिन नियमों का उल्लंघन नहीं करेंगे।
राजस्थान के धौलपुर जिले का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें धौलपुर के भाजपा जिलाध्यक्ष सतेंद्र पाराशर और अन्य पदाधिकारी एक टोल प्लाजा पर 55 रुपये का टोल टैक्स देने से इनकार करते दिखे #RajasthanNews pic.twitter.com/SvEfqxc20I
— Deepti Sharma (@DeeptiShar24006) April 22, 2025
इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। कुछ लोग भाजपा पदाधिकारियों के इस व्यवहार की आलोचना कर रहे हैं तो कुछ लोग टोल कर्मियों के नियमों का पालन करने के लिए उनकी सराहना कर रहे हैं।
वहीं जिला मीडिया प्रभारी राजू गुर्जर का कहना है कि वीडियो को गलत तरीके से वायरल किया गया है। उन्होंने बताया कि गाड़ियां निकल रही थीं जिन्हें अचानक रोका गया। उन्होंने यह भी कहा कि कोई विवाद नहीं हुआ और वीडियो एक हफ्ते पुराना है जिसे अब वायरल किया जा रहा है।
राजस्थान के भाजपा जिलाध्यक्ष सतेंद्र पाराशर और अन्य बीजेपी के पदाधिकारी एक टोल प्लाजा पर टोलकर्मी को टैक्स देने से मना करते रहे @news24tvchannel #RajasthanNews pic.twitter.com/eldxWLogTR
— Deepti Sharma (@DeeptiShar24006) April 22, 2025
जानकारी के अनुसार भाजपा के कुछ पदाधिकारी कार से बसेड़ी से धौलपुर लौट रहे थे। टोल प्लाजा पर किसी बात को लेकर गाड़ी को रोका गया। वीडियो में टोल कर्मी बातचीत करते दिख रहे हैं जबकि कार सवार एक कार्यकर्ता ने फोन पर किसी से बात कराई लेकिन टोल कर्मी ने उनकी बात नहीं सुनी। जब टोल लेन में दूसरी गाड़ियां आने लगीं तो टोल कर्मी ने भाजपा पदाधिकारियों की गाड़ी को पीछे करने के लिए कहा। कार मुकेश नाम का एक भाजपा पदाधिकारी चला रहा था लेकिन घटना का पूरा विवरण अभी स्पष्ट नहीं है।