त्रिपुरा में कमल खिलते ही भड़की हिंसा, राजनाथ ने राज्यपाल और डीजीपी से की बात

Tuesday, Mar 06, 2018 - 10:18 AM (IST)

नई दिल्ली: त्रिपुरा में छिटपुट हिंसा की खबरों के बीच गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने आज राज्य के राज्यपाल और डीजीपी से बात की और नई सरकार के कामकाज संभालने तक राज्य में शांति सुनिश्चित करने को कहा। एक अधिकारी ने बताया कि टेलीफोन पर हुई बातचीत में राज्यपाल तथागत राय और डीजीपी एके शुक्ला ने त्रिपुरा की स्थिति और यहां विधानसभा चुनाव में भाजपा- आईपीएफटी गठबंधन की जीत के बाद भड़की हिंसा पर नियंत्रण के लिए उठाए गए कदमों से केन्द्रीय गृहमंत्री को अवगत कराया। गृह मंत्रालय के अधिकारी ने बताया कि सिंह ने राज्यपाल और डीजीपी से हर तरह की हिंसा पर रोक लगाने और त्रिपुरा में नई सरकार के गठन तक शांति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

शनिवार को चुनाव परिणामों की घोषणा के बाद त्रिपुरा के विभिन्न हिस्सों में प्रतिद्वंद्वी राजनीतिक समूहों के बीच छिटपुट हिंसा और संघर्ष की खबरें सामने आई थी। एक बुलडोजर की मदद से दक्षिण त्रिपुरा के बेलोनिया शहर में सोमवार को  वामपंथ के अगुवा माने जाने वाले लेनिन की प्रतिमा को ढहा दिया गया था। हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में त्रिपुरा में25 साल के बाद सत्ता परिवर्तन देखने को मिला है। अपने गठबंधन सहयोगी आईपीएफटी के साथ मिल कर भाजपा ने त्रिपुरा में दो तिहाई बहुमत हासिलकर वाम किला ध्वस्त कर दिया है।

Advertising