PM मोदी के दौरे के बाद बांग्लादेश में भड़की हिंसा, मंदिरों और ट्रेनों पर हमला, 10 की मौत

Monday, Mar 29, 2021 - 06:21 AM (IST)

ढाका: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बांग्लादेश दौरे के खत्म होते ही पड़ोसी देश में हिंदुओं के मंदिरों पर हमले किए गए हैं। पूर्वी बांग्लादेश में रविवार को कट्टर इस्लामिक दलों से संबंधित सैंकड़ों लोगों ने ये हमले किए। स्थानीय पत्रकारों और पुलिस ने बताया कि मोदी के दौरे के साथ ही हिंसक प्रदर्शन शुरू हो गए थे। मोदी जब बांग्लादेश में थे, तब भी कई जगह पर विरोध प्रदर्शन हुए थे। 

पी.एम. मोदी के दौरे के खिलाफ हो रहे हिंसक प्रदर्शनों में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई। उनके दौरे के खत्म होते ही प्रदर्शन कर रहे लोग मौतों को लेकर और भड़क गए। बांग्लादेश की आजादी के 50 वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को दो दिवसीय बांग्लादेश दौरे पर पहुंचे थे। इसके बाद, वे अगले दिन शनिवार को वहां से भारत के लिए रवाना भी हो गए। 

शनिवार को ही देर रात पी.एम. मोदी नई दिल्ली पहुंच गए। पड़ोसी देश के कट्टरपंथी इस्लामिक दलों के लोगों का आरोप है कि पी.एम. मोदी भारत में अल्पसंख्यकों के साथ भेदभाव कर रहे हैं। इस वजह से वह मोदी के दौरे का विरोध कर रहे हैं। इससे पहले, शुक्रवार को बांग्लादेश की राजधानी ढाका में दर्जनभर लोगों की जान चली गई थी। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को आंसू गैस के गोलों और रबर की गोलियों से निशाना बनाया था। 

शनिवार को चटगांव और ढाका में कई हजारों इस्लामिक कार्यकत्र्ताओं ने सड़क पर उतरकर विरोध जताते हुए मार्च भी किया। रविवार को, हेफाजात-ए-इस्लाम ग्रुप के लोगों ने ईस्टर्न जिले ब्राह्मणबारिया में ट्रेन पर हमला कर दिया। इसमें दस लोग घायल हो गए। उसी जिले के एक पत्रकार जावेद रहीम ने बताया कि ब्राह्मणबारिया जल रहा है। कई सरकारी दफ्तरों को आग के हवाले कर दिया गया है। यहां तक कि प्रैस क्लब पर भी हमला किया गया। राजशाही के वैस्टर्न जिले में भी इस्लामिक कट्टरपंथियों ने कथित रूप से 2 बसों को आग के हवाले कर दिया।

Pardeep

Advertising