विनय मोहन क्वात्रा बने नए विदेश सचिव, हर्षवर्धन श्रृंगला की लेंगे जगह

Monday, Apr 04, 2022 - 06:27 PM (IST)

नेशनल डेस्कः नेपाल में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा को सोमवार को नए विदेश सचिव के रूप में नियुक्त किया गया। वह हर्षवर्धन श्रृंगला की जगह लेंगे जो इस महीने के अंत में सेवानिवृत्त हो रहे हैं। कार्मिक मंत्रालय के आदेश में यह जानकारी दी गई।

1988 बैच के भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) के अधिकारी क्वात्रा वाशिंगटन, और बीजिंग में भारत के राजनयिक मिशन में विभिन्न पदों पर काम कर चुके हैं। उन्होंने 32 वर्षों की अपनी सेवा के दौरान प्रधानमंत्री कार्यालय में संयुक्त सचिव के रूप में भी कार्य किया है।

आदेश में कहा गया है कि मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने 30 अप्रैल 2022 को श्रृंगला के सेवानिवृत्त होने पर विदेश सचिव के पद पर क्वात्रा की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। वर्ष 2020 में नेपाल में राजदूत नियुक्त किए जाने से पहले क्वात्रा ने अगस्त 2017 से फरवरी 2020 तक फ्रांस में भारत के राजदूत के रूप में कार्य किया।

Yaspal

Advertising