गुजरात में फिर 'रूपाणी राज', जानिए मंत्रिमंडल में किस-किस को मिली जगह

Tuesday, Dec 26, 2017 - 04:17 PM (IST)

गांधीनगर: गुजरात में लगातार छठी बार सत्ता में आई भाजपा की सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में आज मुख्यमंत्री विजय रूपाणी तथा उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल के अलावा कैबिनेट स्तर के 8 और राज्य स्तर के 10 मंत्रियों को राज्यपाल ओ.पी. कोहली ने यहां सचिवालय मैदान पर पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के अलावा नीतीश कुमार, योगी आदित्यनाथ समेत भाजपा और राजग शासित 18 राज्यों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, रामविलास पासवान समेत कई केंद्रीय मंत्रियों और लालकृष्ण आडवाणी, पूर्व मुख्यमंत्री शंकरसिंह वाघेला, केशुभाई पटेल की मौजूदगी में यहां सचिवालय मैदान पर आयोजित इस समारोह में रूपाणी मंत्रिमंडल के गठन में जातिगत और क्षेत्रीय संतुलन भी साधने का पूरा प्रयास किया गया।

आज शपथ लेने वाले मंत्रियों में उपमुख्यमंत्री समेत पांच कैबिनेट स्तर के और कुल मिला कर छह मंत्री पाटीदार समुदाय के हैं। इसके अलावा कैबिनेट स्तर पर एक आदिवासी, एक दलित, एक ओबीसी और एक क्षत्रिय को शामिल किया गया है। दस राज्य मंत्रियों में एक पाटीदार, पांच ओबीसी, दो क्षत्रिय, एक आदिवासी और एक ब्राह्मण हैं। कुल मिला कर केवल एक महिला को ही मंत्रिमंडल में जगह दी गई है।


शपथ ग्रहण से पहले रूपाणी और पटेल ने समारोह में शरीक होने आए भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों का अभिवादन किया। इस मौके पर रुपाणी ने नारंगी रंग की जैकेट पहन रखी थी। रूपाणी ने समारोह में शामिल होने से पहले अपनी पत्नी के साथ पंचदेव महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना की। रूपाणी और पटेल को 22 दिसंबर को हुई भाजपा विधायक दल की बैठक में क्रमश: नेता और उप-नेता चुना गया था।

रूपाणी के साथ इन मंत्रियों ने ली शपथ
-सौरभ पटेल ने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली, बोटाद से चुनाव जीते हैं सौरभ।

-नितिन पटेल ने गुजरात के उपमुख्यमंत्री पद के रूप में शपथ ली।

-आरसी फालडू ने कैबिनेट मंत्री पद की शपथ ली, वे जामनगर दक्षिण से विधायक हैं।

-भूपेंद्र सिंह चूड़ास्मा, कौशिक पटेल ने मंत्री पद की शपथ ली।

-ईश्वर सिंह पटेल, वासणभाई गोपालभाई, विभावरी दवे, बच्चूभाई खाबड़, किशोर कनानी ने राज्य मंत्री के रूप में शपथ ली।

-प्रदीप सिंह जडेजा, परबत पटेल ने राज्य मंत्री के रूप में शपथ ली।

-जयेश रादड़िया, दिलीप ठाकोर, ईश्वर भाई परमार ने मंत्री पद की शपथ ली।

-आदिवासी नेता गणपत वसावा ने कैबिनेट मंत्री पद की शपथ ली। वे दक्षिण गुजरात की मांगरोल सीट से चुने गए हैं।

Advertising