गिरफ्तारी के तुरंत बाद विजय माल्या को मिली जमानत

Tuesday, Oct 03, 2017 - 06:18 PM (IST)

नई दिल्ली: भारत के भगोड़े विजय माल्या को लंदन में गिरफ्तार किया गया लेकिन उसे एक घंटे में ही जमानत मिल गई। जानकारी के अनुसार गिरफ्तार करके उसे लंदन की एक कोर्ट में पेश किया गया था, जहां उस जमानत दे दी गई। प्रवर्तन निदेशालय की एक टीम शराब कारोबारी विजय माल्या के खिलाफ आरोप-पत्र जमा करने के लिए लंदन पहुंची थी। अधिकारी ने बताया कि ईडी टीम लंदन में विजय माल्या के खिलाफ क्राउन प्रोसीक्यूशन कार्यालय के समक्ष 5,500 पृष्ठ के आरोप-पत्र व कुछ अन्य दस्तावेज जमा करने के लिए पहुंची थी जिसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया। क्राउन प्रोसीक्यूशन कार्यालय माल्या के प्रत्यर्पण के मामले को लड़ रहा है।

पहले भी हुई थी गिरफ्तारी
माल्या को इससे पहले वेस्टमिंस्टर कोर्ट के आदेश के बाद 18 अप्रैल को गिरफ्तार किया गया था हालांकि उस वक्त कुछ घंटों बाद ही उसे जमानत मिल गई थी। इससे पहले, ब्रिटेन की सरकार ने भारत के प्रत्यर्पण के आग्रह को जिला जज को भेज दिया था।  यह माल्या को भारत लाने और उन पर मुकदमा चलाने की दृष्टि से पहला कदम था। माल्या की बंद हो चुकी किंगफिशर एयरलाइंस पर बैंकों का 9,000 करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज बकाया है। वह पिछले साल 2 मार्च को ब्रिटेन चला गया था जबकि इसके कुछ दिन बाद ही उच्चतम न्यायालय ने माल्या को अपने पासपोर्ट के साथ व्यक्तिगत रूप से 30 मार्च, 2016 को पेश होने को कहा था। भारत ने इस साल 8 फरवरी को औपचारिक तौर पर ब्रिटेन सरकार को भारत-ब्रिटेन प्रत्यर्पण संधि के तहत माल्या के प्रत्यर्पण का औपचारिक आग्रह किया था। 

Advertising