देश के 13वें उपराष्ट्रपति बने वेंकैया नायडू, राष्ट्रपति कोविंद ने दिलाई शपथ

Friday, Aug 11, 2017 - 03:19 PM (IST)

नई दिल्ली: एम. वेंकैया नायडू आज देश के 13वें उपराष्ट्रपति बन गए। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने राष्ट्रपति भवन के दरबार हाल में गरिमापूर्ण समारोह में उन्हें उपराष्ट्रपति पद की शपथ दिलाई। नायडू ने हिन्दी में शपथ ग्रहण की।

पीएम भी समारोह में रहे मौजूद
इस अवसर पर निवर्तमान उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह, पार्टी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण अडवाणी, राज्यसभा में विपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद, कई केन्द्रीय मंत्री, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता और कई अन्य गण्यमान्य व्यक्ति मौजूद थे। शपथ ग्रहण से पहले अड़सठ वर्षीय नायडू ने राजघाट जाकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने भारतीय जनसंघ के संस्थापकों में से एक पंडित दीनदयाल उपाध्याय तथा महान स्वतंत्रता सेनानी एवं देश के पहले गृहमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर  भी पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

संसद भवन पहुंचे नायडू
उपराष्ट्रपति के नाते नायडू राज्यसभा के नए सभापति भी बन गए हैं। शपथ ग्रहण के कुछ ही देर बाद वह संसद भवन पहुंचे, जहां राज्यसभा के उपसभापति पी.जे. कुरियन, संसदीय कार्यमंत्री अनंत कुमार, सदन में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के नेता डी राजा, द्रविड़ मुनेत्र कषगम के नेता त्रिची शिवा तथा कुछ अन्य दलों के नेताओं ने उनकी अगवानी की। कुरियन तथा अनंत कुमार ने उन्हें गुलदस्ता भेंटकर उनका स्वागत किया। उसके बाद सभी नेता उन्हें ससम्मान सभापति के कक्ष में ले गए। बाद में नायडू ने राज्यसभा की कार्रवाई का संचालन भी किया। नायडू भाजपा के ऐसे दूसरे नेता हैं, जो उपराष्ट्रपति पद पर पहुंचे। उनसे पहले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार के पहले कार्यकाल के दौरान भाजपा नेता भैरों सिंह शेखावत इस पद के लिए चुने गए थे। नायडू के उपराष्ट्रपति बनने के साथ ही देश के चार सर्वोच्च पदों पर भाजपा से जुड़े नेता आसीन हो गए हैं।


बापू को किया नमन
नायडू ने शपथ ग्रहण से पहले राजघाट स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की समाधि जाकर उन्हें नमन किया।  नायडू ने डीडीयू पार्क जाकर पंडित दीन दयाल उपाध्याय को भी श्रद्धांजलि दी।  इसके बाद नवनिर्वाचित उपराष्ट्रपति पटेल चौक गए और वहां स्थित सरदार वल्लभ भाई पटेल की मूर्ति पर श्रद्धासुमन अर्पित किए।


वैंकैया के बारे में बड़ी बातें

-नायडू आंध्र प्रदेश से उपराष्ट्रपति बनने वाले तीसरे शख्स होंगे, वैंकैया से पहले डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन और वीवी गिरी भी देश के उपराष्ट्रपति रह चुके हैं।

-नायडू जुलाई 2002 से अक्टूबर 2004 तक पार्टी के अध्यक्ष रह चुके हैं।

-2004 लोकसभा चुनाव में पार्टी की हार के बाद वैंकैया ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।

-नायडू अटल सरकार में ग्रामीण विकास मंत्री रह चुके हैं। वहीं मोदी सरकार में वैंकैया, तीन अहम मंत्रालय, शहरी विकास मंत्रालय, संसदीय कार्य मंत्रालय और सूचना और प्रसारण मंत्रालय का भी पदभार संभाल चुके हैं।

-नायडू तीन बार कर्नाटक से तो एक बार राजस्थान से राज्यसभा के लिए चुने जा चुके हैं।

-नायडू ने शहरी विकास मंत्री रहते हुए कई महत्वपूर्ण योजनाएं शुरु कीं जैसे- स्मार्ट सिटी, अटल मिशन, स्वच्छ भारत अभियान और सभी के लिए आवास इनमें प्रमुख हैं।

-‘प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना’ की शुरुआत में वेंकैया नायडू की अहम भूमिका थी।

-नायडू ने अपने राजनैतिक करियर की शुरुआत साल 1973 में एक स्टूडेंट लीडर के तौर पर की थी। हालांकि बाद में वैंकैया जनसंघ से जुड़ गए। वैंकैया आंध्रप्रदेश विधानसभा में भी दो बार चुने जा चुके हैं।

Advertising