वंदे भारत मिशन : 11 से 19 जुलाई के बीच अमेरिका के लिए 36 उड़ानें संचालित करेगी एयर इंडिया

Sunday, Jul 05, 2020 - 07:39 PM (IST)

नई दिल्लीः वंदे भारत मिशन के तहत विदेशों में फंसे भारतीय नागरिकों को वापस लाने की मुहिम में भारत सरकार ने अमेरिका के लिए उड़ानों को संचालित करने का फैसला किया है। 11 जुलाई से 19 जुलाई के बीच एयर इंडिया अमेरिका के लिए 36 उड़ानों को संचालित करेगा।

एयर इंडिया की ओर से जारी एक सूचना में बताया गया है कि अमेरिका में मौजूद भारतीय नागरिक जो इन उड़ानों से आना चाहते हैं वह टिकट बुक कर सकते हैं। टिकट बुकिंग छह जुलाई को भारतीय समयानुसार सुबह दो बजे ( न्यूयॉर्क में सुबह 10 बजे, शिकागो में सुबह 9.30 बजे और सैन फ्रांसिस्को में सुबह 7.30 बजे) से एयर इंडिया की आधिकारिक वेबसाइट पर होगी।

बता दें कि कोरोना वायरस वैश्विक महामारी के चलते लगे वैश्विक लॉकडाउन की वजह से विदेशों में फंसे भारतीयों को लाने के लिए वंदे भारत मिशन शुरू किया गया था। इस मिशन के तहत 5.03 लाख से ज्यादा भारतीय नागरिक देश वापस लौट चुके हैं। अभियान के तहत 137 देशों में फंसे भारतीय नागरिकों को लाया गया।

इस अभियान का पहला चरण सात मई से 15 मई तक चला । मिशन के तहत वापसी का दूसरा चरण 17 से 22 मई तक चला। हालांकि सरकार ने इस चरण को 10 जून तक के लिए बढ़ा दिया था। वहीं, तीसरा चरण 11 जून से दो जुलाई तक चला। फिलहाल अभियान का चौथा चरण चल रहा है। 

Yaspal

Advertising