वैलेटाइन पर किराए पर मिल रहे प्रेमी ! चीन-जापान में रेट 30 हजार, जानें भारत में क्या है बॉयफ्रेंड का किराया ?

Monday, Feb 13, 2023 - 11:27 AM (IST)

इंटरनेशनल डेस्कः  वर्तमान में लड़के-लड़किया किसी संबंध में बंधकर रहने के बजाय सिंगल रहना या लिव इन में रहना ज्यादा पसंद कर रहे हैं। लेकिन वैलेंटाइन वीक शुरू होते ही  रोमांटिक कपल्स को देखकर सिंगल्स अपने आप को और अकेला महसूस करने लगते हैं।  वैलेंटाइन वीक पर कई पार्टियों, क्लबों, पब में सिंगल लोगों को एंट्री भी नहीं मिलती।  इस वैलेंटाइंस डे पर अगर कोई सिंगल है और चाहत है कि कोई उसे डेट करे व अकेलापन दूर करे, उसके साथ घूमे-फिरे और बाय करने से पहले आई लव यू भी कहे तो अब टेंशन लेने की जरूरत नहीं है। क्योंकि  इसका भी सिंपल जुगाड़ हो सकता है। कुछ रुपए खर्च कर किराए पर बॉयफ्रेंड मिलने लगे हैं। खासबात यह कि विदेशों में ही नहीं भारत में भी यह ट्रैंड जोर पकड़ चुका है।  

सिर्फ लड़कियों के लिए ही बनी यह सर्विस
किराए का प्रेमी ‘रेंट अ बॉयफ्रेंड’ के नाम से ऑनलाइन मिलने लगा है। यह सर्विस सिर्फ लड़कियों के लिए ही बनी है। वो किराए पर बॉयफ्रेंड ले सकती हैं लेकिन लड़कों के लिए रेंट पर गर्लफ्रेंड की सर्विस फिलहाल नहीं है। ऐसे में इस तरह के ऐप टेंपरेरी ही सही, लेकिन अच्छा खासा हल हैं। लड़कियां जो रिलेशनशिप और कमिटमेंट से दूर रहना पसंद करती हैं यह ऐप उनके काम का है। वैलेंटाइंस डे पर इंप्रेशन जमाना हो,  बॉयफ्रेंड के साथ घूमने की तमन्ना हो तो ऐप के जरिए कुछ घंटों के लिए एक परफेक्ट हैंडसम, इंटेलिजेंट जेंटलमैन बुक कर सकती हैं।

 

साल 2010 में चीन की कई वेबसाइट्स पर रेंट पर बॉयफ्रेंड के कई विज्ञापनों ने जोर पकड़ा। इसके पीछे का कारण था युवाओं का काम में व्यस्त रहना। चीन में नया साल शुरू होने पर वहां के युवा परिवार से मिलने जाते हैं। परिवार को खुशी देने के लिए वे नकली बॉयफ्रेंड या गर्लफ्रेंड से मिलवाने लगे, ताकि यह दिखा सकें कि वे रिलेशनशिप में हैं। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक  आज के युवा स्मार्ट हैं। वे खुद पर किसी तरह का कंट्रोल नहीं चाहते, इसलिए परंपराओं से जुड़ी दिक्कतों को पैसे के दम पर दूर कर रहे हैं। जापान  में भी वर्क लोड के बीच भी वहां की लड़कियां किराए के बॉयफ्रेंड की तलाश में जुटी हैं।

 

मुलाकात की कुछ शर्तें
जापानी लड़कों ने इसे फुल टाइम जॉब बना लिया है। ‘सूडो’ यानी फेक बॉयफ्रेंड बनाने के लिए वहां की लड़कियां 1 घंटे के लिए किराए के बॉयफ्रेंड को 5000 जापानी येन यानी 3156 रुपए का रेंट दे रही हैं।इस  मुलाकात की कुछ शर्तें हैं। जैसे मुलाकात पब्लिक प्लेस पर होगी और उनके बीच किसी किस्म की नजदीकियां नहीं बनेंगी। जापान की Soine-ya Prime नाम की कंपनी ने 2011 में इस तरह की सर्विस शुरू की। इसमें अलग काम का अलग रेंट तय किया गया। कंपनी 7 घंटे की सर्विस के लिए 18,936 रुपए, 8 घंटे की सर्विस के 20 हजार रुपए और 12 घंटे के लिए 30 हजार रुपए चार्ज करती है। इसमें कस्टमर केवल भाड़े के बॉयफ्रेंड की बाहों में सो सकती है।

 

कैसे होती है बुकिंग
ग्लोबल विलेज के दौर में यह ट्रेंड भारत में भी पॉपुलर होता जा रहा है।  2022 में बेंगलुरु के लोगों के लिए मोहित चुरीवाला और आदित्य लखियानी नाम के दो युवाओं ने 'The Better Date' नाम से ऐप शुरू किया। इनकी सर्विस भी किराए पर बॉयफ्रेंड मुहैया कराने की है। इसी तरह 'ToYBoY' नाम का पोर्टल भी बेंगलुरु में चल रहा है। ऐप डाउनलोड करने के बाद फोन पर लड़कों की प्रोफाइल डिस्प्ले होने लगती है।

अगर कोई लड़का पसंद आता है तो उसके बाद ‘फिक्स मीटिंग’ का ऑप्शन खुलता है। इसके बाद पेमेंट करनी होती है। साथ ही अपना नाम, ई-मेल आईडी, जन्म की तारीख, शहर और मोबाइल नंबर भी रजिस्टर करना होता है। तभी किराए पर बॉयफ्रेंड बुक हो पाता है।   2018 में  लॉन्च हुआ एक ऐप 'Rent a Boy | Friend' (RABF) लॉन्च होते ही सुर्खियां बन गया। इस ऐप पर लड़कियां बतौर बाॅयफ्रेंड को बुक करती हैं। ऐप लॉन्च होने के बाद कोरोना-लॉकडाउन आ गया और इसका काम धीमा हो गया। लेकिन जल्दी ही गूगल प्ले स्टोर पर यह टॉप सर्चिंग ऐप बन गया। आज इस ऐप के 1 लाख से ज्यादा यूजर्स हैं।

 

सेलिब्रिटी और आम लड़कों तक के साथ वक्त गुजारने के कई ऑप्शन
इन ऐप्स पर लड़कों की प्रोफाइल कई कैटिगरी में है, जहां मॉडल, सेलिब्रिटी और आम लड़कों तक के साथ वक्त गुजारने के कई ऑप्शन हैं। लेकिन बॉयफ्रेंड को किराए पर लेने के लिए लड़कियों को पर्स भी खाली करना पड़ता है।RABF ऐप के फाउंडर कुशल प्रकाश ने  बताया कि भारत में 'रेंट अ गर्लफ्रेंड' का कॉन्सेप्ट ठीक नहीं लगता इसलिए लड़कों के साथ 'रेंट अ बॉयफ्रेंड' का कॉन्सेप्ट शुरू हुआ। ऐप का मकसद लड़कियों का अकेलापन दूर कर उन्हें डिप्रेशन से आजादी दिलाना है। ऐप की सर्विस लेने के लिए कुछ रकम देनी होती है। इसमें लड़कियों की फोन पर काउंसिलिंग भी की जाती है। ऐप पर दिए गए नंबर पर कॉल करने के बाद मनोचिकित्सक से बात होती है जो उनकी परेशानी सुनकर हल ढूंढने की कोशिश करते हैं। 15 मिनट बात करने के लिए 500 रुपए चार्ज किए जाते हैं और घंटे के हिसाब से 3000 रुपए वसूले जाते हैं। 

 

Tanuja

Advertising