Uttarakhand election 2022: भाजपा का घोषणा पत्र जारी, महिलाओं-युवाओं और किसानों से कई बड़े वादे

Wednesday, Feb 09, 2022 - 05:21 PM (IST)

नेशनल डेस्क: केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने उत्तराखंड में 14 फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले बुधवार को भाजपा का घोषणापत्र जारी किया जिसमें प्रदेश को अगले पांच साल में आदर्श राज्य बनाने के लिए विकास का रोडमैप बताया गया है। 'दृष्टिपत्र-2022' नाम से जारी घोषणापत्र में भाजपा ने आधारभूत विकास, पर्यटन, कृषि, बागवानी, शिक्षा, महिला स​शक्ति​करण, डेयरी विकास आदि लगभग सभी प्रमुख क्षेत्रों पर ध्यान दिया है।

 

घोषणापत्र के विमोचन के बाद गडकरी ने कहा, ‘‘इसके तीन मुख्य खंभे हैं- एथिक्स (नीतिशास्त्र), इकोनॉमी (अर्थशास्त्र) और इकोलॉजी या एनवायरनमेंट (पारिस्थितिकी या पर्यावरण)।'' इस मौके पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, प्रदेश भाजपा घोषणापत्र समिति के संयोजक रमेश पोखरियाल निशंक, केंद्रीय मंत्री और पार्टी के चुनाव प्रभारी प्रह्लाद जोशी और राज्यसभा सदस्य नरेश बंसल मौजूद थे जबकि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी इस कार्यक्रम में वर्चुअल तरीके से जुड़े। 

Seema Sharma

Advertising