किसान आंदोलन के खिलाफ आवाज उठाने वाले कलाकारों-खिलाड़ियों का अमेरिका में होगा विरोध

Monday, Feb 08, 2021 - 05:00 PM (IST)

 फ्रेस्नो/जालंधर (रमनदीप सोढी): अमेरिका में गत रविवार को 80 से अधिक सिख समूहों ने भारत में किसान आंदोलन के समर्थन में सामाजिक संगठनों के साथ एक विशेष बैठक बुलाई। बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से  स्थानीय लोगों के अलावा किसान संगठनों के नेताओं ने  भाग लिया।  बैठक में फ्रेस्नो (कैलिफोर्निया) के मेयर जेरी डायर ने कहा कि दुनिया में कहीं भी,  चाहे वो भारत हो या अमेरिका, अगर लोकतंत्र का क्षरण होता है तो सभी को एकजुट होकर इसके खिलाफ आवाज उठानी चाहिए। किसानों की मांगों का समर्थन करते हुए उन्होंने कहा कि किसान किसी भी देश की रीढ़ होते हैं और सरकार को उनकी मांगों पर विचार करना चाहिए और इसका हल ढूंढना चाहिए।  

बैठक में सभी संगठनों ने दिल्ली की सीमाओं पर चल रहे आंदोलन को हर संभव मदद का आश्वासन  भी दिया। बैठक में  कुछ प्रस्ताव भी  पारित किए गए जिसमें मुख्य रूप से किसान आंदोलन के खिलाफ  बोलने वाले कलाकारों और खिलाड़ियों के विरोध की घोषणा की गई । अमेरिकी लोगों ने घोषणा की कि उन बॉलीवुड अभिनेताओं और अभिनेत्रियों जिन्होंने अपनी अंतरात्मा की आवाज़ को गिरवी रख किसानों के खिलाफ अभियान चलाया,  का अमेरिका में हर जगह बहिष्कार किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर किसी भी प्रचारक ने अमेरिका में उनका समर्थन किया तो उनका व्यापक विरोध किया जाएगा।

बैठक के दौरान वकील अमरवीर सिंह भुल्लर से दिल्ली में 26 जनवरी की घटना के बाद पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए युवाओं, किसानों और पत्रकारों पर मुकद्दमा चलाने के बारे में जानकारी ली गई  और एक्टिविस्ट नवदीप कौर और उनकी रिहाई को सुरक्षित करने के प्रयासों पर चर्चा  की गई।  वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के  दौरान खालसा एड एशिया के प्रमुख ने अमरप्रीत सिंह ने मोर्चा की वर्तमान स्थिति व सामाजिक सेवाओं के बारे में जानकारी दी। बैठक के अंत में  सभी संगठनों से एकजुट रहने का आग्रह करते हुए  सिख संगठनों ने  सुझाव दिया कि गिरफ्तार किसानों, युवाओं और पत्रकारों की रिहाई के लिए उचित कदम उठाए जाएं। उन्होंने इस काम के लिए संगठनों को हर संभव मदद देने की भी घोषणा की।

Tanuja

Advertising