अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प का भारत पर निशाना, बताया 'टैरिफ किंग'

Wednesday, Oct 03, 2018 - 04:01 PM (IST)

वॉशिंगटन: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने सोमवार को अमेरिकी उत्पादों पर ऊंचा शुल्क रखने के लिए भारत की आलोचना की। उन्होंने कहा कि भारत मुझे खुश करने के लिए अमेरिका के साथ व्यापार करार करना चाहता है। ट्रम्प ने कुछ दिनों में दूसरी बार भारत पर कथित रूप से ऊंचे शुल्क रखने का आरोप लगाया है। उन्होंने मेक्सिको और कनाडा के साथ नए व्यापार करार की घोषणा के लिए व्हाइट हाउस में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में यह आरोप लगाया।

भारत को कहा ‘शुल्कों का राजा’
मेक्सिको और कनाडा के साथ करार की घोषणा के बाद ट्रम्प ने उन व्यापार करारों के बारे में बताया, जिन पर वार्ता चल रही है। इनमें जापान, यूरोपीय संघ, चीन और भारत शामिल हैं। ट्रम्प ने भारत को ‘शुल्कों का राजा’ करार दिया। उन्होंने अपने इस आरोप को दोहराया कि भारत ने अमेरिकी उत्पादों पर ऊंचा शुल्क लगा रखा है। ट्रम्प ने भारतीय उत्पादों पर इसी तरह के शुल्क लगाने की चेतावनी देते हुए कहा कि भारतीय अधिकारियों ने उनसे कहा कि वे अमेरिका के साथ व्यापार समझौता करना चाहते हैं।



अमेरिका के साथ व्यापार करना चाहता है भारत
यह वार्ता अमेरिकी व्यापार प्रतिनिध रॉबर्ट लाइटाइजर आगे बढ़ा रहे हैं। ट्रम्प ने कहा कि जब अमेरिकी अधिकारियों ने भारतीय अधिकारियों से पूछा कि वे अमेरिका के साथ व्यापार करार क्यों करना चाहते हैं, तो उन्होंने कहा कि वे अमेरिकी राष्ट्रपति को खुश करने के लिए ऐसा करना चाहते हैं। इससे पहले शनिवार को ट्रम्प ने कहा था कि भारत चाहता है कि अमेरिका उसके उत्पादों पर ऊंचा शुल्क नहीं लगाए,  इस वजह से वह हमारे साथ व्यापार करार करना चाहता है।

shukdev

Advertising