उर्मिला मातोंडकर ने मनसे नेताओं के साथ की बैठक

Friday, Apr 12, 2019 - 10:37 PM (IST)

मुंबईः मशहूर अदाकारा और उत्तरी मुंबई लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार उर्मिला मातोंडकर ने शुक्रवार को राज ठाकरे की अगुवाई वाली महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के नेताओं से मिलकर अपने चुनाव प्रचार के बारे में चर्चा की। उर्मिला भाजपा के मौजूदा सांसद गोपाल शेट्टी के खिलाफ चुनावी मैदान में हैं। उर्मिला ने मनसे की उत्तरी मुंबई इकाई के उपाध्यक्ष नयन कदम एवं अन्य स्थानीय नेताओं से मुलाकात की।

उन्होंने एक बयान में कहा, ‘‘मनसे के नेताओं के साथ अच्छी रणनीतिक बैठक हुई। हर रोज संख्याबल बढ़ते देखना काफी उत्साहवर्धक है। यह उनका विश्वास ही है जिससे जीत की तरफ मेरी यात्रा विश्वसनीय बन जाएगी।’’ मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने नांदेड़ में भाजपा उम्मीदवार प्रताप चिकलीकर के खिलाफ चुनाव प्रचार किया है। उन्होंने पिछले दिनों पीएम नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह पर जमकर निशाना साधा था।      

Pardeep

Advertising