पाक को मोदी की ललकार, भारत हर लड़ाई को तैयार

Sunday, Sep 25, 2016 - 11:08 AM (IST)

कोझिकोड (केरल)/ नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पाकिस्तान के साथ हम (भारत) लड़ाई लडऩे को तैयार हैं। उसकी चुनौती हमें स्वीकार है। मोदी ने कहा, ‘‘हम पाकिस्तान को दुनिया भर में अलग-थलग कर देंगे। पाकिस्तान को अकेले रहने को मजबूर कर देंगे। 

एक दिन आएगा जब पाकिस्तान की जनता अपने शासकों से लड़ेगी। आतंकवादी कान खोल कर सुन लें कि भारत न आतंकवाद के समक्ष झुका है और न ही झुकेगा। भारत उड़ी हमले को कभी नहीं भूलेगा जहां पाकिस्तान द्वारा भेजे गए आतंकियों ने हमारे 18 जवानों को शहीद किया है। इसका जवाब हर हालत में दिया जाएगा। भारत आतंकवाद को पराजित करने का हरसंभव प्रयास करेगा।’’ उन्होंने कहा कि एशिया में एक देश ऐसा है जो चाहता है कि 21वीं सदी एशिया की  न बने और वह आतंकवाद से जुड़ा हुआ है। पड़ोसी देश खून-खराबा, लोगों की हत्या और आतंक चाहता है। प्रधानमंत्री ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि वह आतंकवादियों का लिखा हुआ भाषण पढ़ते हैं। 

मोदी ने आज यहां एक विशाल रैली को संबोधित करते हुए कहा कि उड़ी में जो हमला हुआ है उसमें पाकिस्तान ने आतंकवादी भेजे थे। इस हमले को लेकर देश में काफी आक्रोश है। सुरक्षा बलों ने पिछले दिनों 110 आतंकवादियों को मार गिराया और 17 घुसपैठ के प्रयासों को विफल किया। उन्होंने कहा कि आतंकवाद मानवता का दुश्मन है। हर हमले में पाकिस्तानी आतंकी शामिल होता है।

मोदी ने कहा, ‘‘1000 साल तक लडऩे वाले काल में समा गए हैं। हम 1000 साल तक लडऩे को तैयार हैं। हमें गरीबी, भुखमरी, बेरोजगारी से लडऩा होगा।’’ उन्होंने कहा कि भारत सॉफ्टवेयर का निर्यात करता है तो पाकिस्तान आतंकवाद का। सारी दुनिया पाक के आतंकवाद से परेशान है। 

प्रधानमंत्री ने कहा कि नवाज शरीफ को करारा जवाब मिलेगा। वह संयुक्त राष्ट्र में आतंकवादियों के पक्ष में भाषण देते हैं जो आतंकवादियों ने लिखा होता है। मोदी ने कहा, ‘‘मैं पाकिस्तान की जनता से अपील करता हूं कि वह अपने शासकों से पूछे कि वे पी.ओ.के., बलूचिस्तान और सिंध को तो संभाल नहीं सकते, कश्मीर का रोना रो कर अपनी जनता को क्यों गुमराह करते हैं। पाकिस्तान की जनता को अपने शासकों से कहना चाहिए कि जो उनके पास है उसको संभाल कर रखें।’’ उन्होंने कहा, ‘‘भारत को पाकिस्तान के शासकों से कोई उम्मीद नहीं। दुनिया भर के देश भी पाकिस्तान के आतंकवादी समर्थक नेताओं से उम्मीद नहीं रखते। यह पाकिस्तान की जनता ही है जो अपने शासकों को सबक सिखा सकती है।’’मोदी ने कहा कि देश की सवा सौ करोड़ जनता को अपनी सेना पर गर्व है। जवानों की शक्ति ही देश का मनोबल है। सैनिकों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। देश उन पर हमला करने वालों को सबक सिखा कर क्षेत्र में शांति बनाने का हरसंभव प्रयास करेगा।

Advertising