UPI New Rules: UPI यूजर्स सावधान! आज से बदल गया पेमेंट का तरीका, बिना डबल लॉक नहीं भेज पाएंगे एक भी रुपया
punjabkesari.in Wednesday, Apr 01, 2026 - 09:05 AM (IST)
UPI New Rules April : अगर आप भी सुबह की चाय से लेकर रात के डिनर तक का भुगतान PhonePe, Google Pay या Paytm जैसे UPI ऐप्स से करते हैं तो यह खबर आपके लिए सबसे जरूरी है। आज, 1 अप्रैल 2026 से भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने डिजिटल पेमेंट को सुरक्षित बनाने के लिए नए नियम लागू कर दिए हैं। अब आपका पैसा पहले से कहीं ज्यादा सुरक्षित होगा लेकिन पेमेंट करने का तरीका थोड़ा बदल जाएगा।
1. अब सिर्फ PIN से काम नहीं चलेगा, लगा डबल लॉक
अब तक आप QR कोड स्कैन करके अपना 4 या 6 अंकों का UPI PIN डालते थे और पेमेंट हो जाता था लेकिन अब RBI ने 'टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन' अनिवार्य कर दिया है। अब PIN डालने के बाद आपको एक और सुरक्षा घेरा पार करना होगा। यह आपके फोन का फिंगरप्रिंट, फेस आईडी (Face ID) या फिर मोबाइल पर आया OTP हो सकता है। जब तक ये दोनों स्टेप पूरे नहीं होंगे आपके खाते से पैसा नहीं कटेगा। अगर किसी को आपका PIN पता चल भी जाए तो भी वह आपके फिंगरप्रिंट या फोन के बिना चोरी नहीं कर पाएगा।
2. ट्रांजेक्शन लिमिट: क्या सस्ता, क्या महंगा?
राहत की बात यह है कि रोजाना पैसे भेजने की सीमा में कोई कटौती नहीं की गई है। आप पहले की तरह ही रोजाना 1 लाख रुपये तक भेज सकते हैं। अस्पताल के बिल, स्कूल-कॉलेज की फीस या इंश्योरेंस के लिए यह लिमिट 5 लाख रुपये बरकरार है। अगर आपने आज ही UPI शुरू किया है तो पहले 24 घंटों में आप केवल 5,000 रुपये तक का ही लेन-देन कर पाएंगे।
3. ATM से बिना कार्ड पैसे निकालना अब फ्री नहीं
अगर आप डेबिट कार्ड के बिना सिर्फ QR कोड स्कैन करके ATM से कैश निकालते हैं तो सावधान हो जाएं। HDFC जैसे कई बैंकों ने अब इस सुविधा को आपकी मंथली फ्री लिमिट (जैसे महीने में 5 बार फ्री निकासी) में जोड़ दिया है। अगर आपकी फ्री लिमिट खत्म हो गई है तो UPI के जरिए कैश निकालने पर भी आपको वही चार्ज देना होगा जो कार्ड इस्तेमाल करने पर लगता है।
परेशानी से बचने के लिए तुरंत करें ये 3 काम:
-
ऐप अपडेट करें: अपने सभी पेमेंट ऐप्स (PhonePe, G-Pay आदि) को प्ले-स्टोर से तुरंत अपडेट करें।
-
बायोमेट्रिक ऑन करें: फोन की सेटिंग्स में जाकर फिंगरप्रिंट या फेस लॉक इनेबल करें ताकि पेमेंट के वक्त OTP का इंतजार न करना पड़े।
-
गोपनीयता बरतें: नियम चाहे कितने भी बदल जाएं अपना PIN या OTP कभी किसी अनजान व्यक्ति के साथ शेयर न करें।

