UP: सौतेले पिता ने बेटी-बेटे को मारा चाकू, बेटी की मौत, पत्नी बोली- पति की दिमागी हालत ठीक नहीं

Sunday, Mar 31, 2024 - 09:33 PM (IST)

नेशनल डेस्कः उत्तर प्रदेश के बहराइच में रविवार सुबह एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी 14 वर्षीय सौतेली पुत्री की चाकू से गला काटकर हत्या कर दी तथा आठ साल के सौतेले पुत्र को चाकू मारकर घायल कर दिया। पुलिस की एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी पिता संतोष कुमार को हिरासत में ले लिया है।

पुलिस के अनुसार नगर पालिका में सफाईकर्मी पिंकी वाल्मीकि रविवार सुबह आठ बजे ड्यूटी पर चली गई थी, उसका पति संतोष व बच्चे बहराइच शहर के वजीरबाग स्थित घर पर थे। उन्होंने बताया कि संतोष ने अपनी सौतेली पुत्री रिया (14) के गले पर चाकू से वार किया और रिया को बचाने आए उसके भाई (आठ) को भी चाकू मारा। उन्होंने बताया कि शोर सुनकर आसपास के लोग दोनों बच्चों को इलाज के लिए जिला अस्पताल लेगए जहां इलाज के दौरान रिया की मौत हो गयी। लड़के की हालत अब सामान्य बताई जा रही है।

अस्पताल पहुंची पुलिस अधीक्षक (एसपी) वृंदा शुक्ला ने पत्रकारों से बताया कि "एक पिता ने अपनी सौतेली बेटी का चाकू से गला काटकर हत्या कर दी है। अत्यधिक रक्तस्राव के कारण बच्ची को बचाया नहीं जा सका।' एसपी ने बताया कि ''आरोपी ने खुद को भी चाकू मार कर घायल किया है। उसका आरंभिक उपचार कराया गया है। आरोपी पिता नगर पालिका में अनुबंध पर सफाईकर्मी का काम करता है। इसकी पत्नी भी वहीं सफाईकर्मी है।''

एसपी ने कहा कि ''अभी तक घटना की वजह मालूम नहीं हो सकी है, यह जांच का विषय है। मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।" घटना की जानकारी मिलने पर जिला अस्पताल पहुंची बच्चों की मां ने पत्रकारों से कहा कि उसके पति की दिमागी हालत ठीक नहीं है और दो साल से उसका इलाज जारी है। पिंकी के पहले पति राजा वाल्मीकि की करीब आठ वर्ष पूर्व बीमारी से मौत हो गई थी। राजा के मृत्योपरांत पिंकी ने संतोष कुमार वाल्मीकि से विवाह कर लिया था।

 

Yaspal

Advertising