UP: रांची से लापता नाबालिग लड़की लखनऊ में मिली, ट्रक ड्राइवर ने किया रेप, दो आरोपी अरेस्ट

punjabkesari.in Monday, Sep 09, 2024 - 09:06 PM (IST)

लखनऊः झारखंड के रांची से 13 वर्षीय एक लड़की को कथित तौर पर ट्रक से लखनऊ ले जाया गया और रास्ते में ट्रक चालक ने कई बार उससे दुष्कर्म किया तथा बाद में उसे सड़क किनारे छोड़ दिया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि रविवार को रांची के तमार थाने में मामला दर्ज किए जाने के बाद दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। लड़की के परिजनों ने बताया कि वह 16 अगस्त को स्कूल से वापस नहीं लौटी, जिसके बाद उन्होंने गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।

तमार थाने के प्रभारी रोशन कुमार के अनुसार, लड़की ने जांचकर्ताओं को बताया कि 16 अगस्त को उसका एक परिचित युवक उसे बुंडू बस स्टैंड लेकर गया और बाद में उसे एक अन्य युवक पटना ले गया, जिसे वह जानती थी। थाना प्रभारी ने लड़की के बयान का हवाला देते हुए कहा, ‘‘दूसरे युवक ने उसे पटना में एक ट्रक चालक के पास छोड़ दिया और भाग गया। ट्रक चालक ने कथित तौर पर उसके साथ दुष्कर्म किया और उसे लखनऊ में सड़क किनारे छोड़ दिया।''

 

रोशन कुमार ने कहा, ‘‘हमने रविवार को दर्ज FIR के आधार पर दो लोगों को गिरफ्तार किया है। उसके बयान में कई कड़ियां गायब हैं। हम विभिन्न तरीकों से उन्हें जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं।'' उन्होंने बताया कि दुष्कर्म और मानव तस्करी के अलावा यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। डीएसपी रतिभान सिंह ने बताया, ‘‘हमने जांच शुरू कर दी है और FIR में पीड़िता द्वारा किए गए दावों की पुष्टि कर रहे हैं। लड़की का मेडिकल परीक्षण करवाया जा रहा है।''

गुमशुदगी की शिकायत दर्ज होने के बाद से मामले पर नजर रख रहे बाल अधिकार कार्यकर्ता बैद्यनाथ कुमार ने दावा किया कि लड़की को पटना में एक ट्रक चालक को बेच दिया गया था। उन्होंने दावा किया, ‘‘लखनऊ पुलिस को लड़की 20 अगस्त को मिली। इसके बाद उन्होंने बिना कोई FIR दर्ज किए उसे लखनऊ स्थित राजकीय बालिका गृह को सौंप दिया।'' कुमार ने बताया कि लड़की को एक सितंबर को लखनऊ से तमार लाया गया था। उन्होंने कहा, ‘‘शुरू में, माता-पिता लड़की के साथ हुई घटना के बारे में FIR दर्ज कराने के लिए तैयार नहीं थे। बाद में वे सहमत हो गए और रविवार को FIR दर्ज कराई गई।''


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yaspal

Related News