आज से Unlock 6 की शुरुआत, जानें अब देश में क्या-क्या खुलेगा...मिली कितनी छूट

Sunday, Nov 01, 2020 - 11:41 AM (IST)

नेशनल डेस्कः देश में लगातार कोरोना वायरस (Covid-19) के सक्रिय मामलों में कमी आ रही है। देश में लगातार स्वस्थ होने वाले लागों की संख्या बढ़ने से कोरोना वायरस के सक्रिय मामलों की संख्या घटकर 5,70,458 रह गई है। इसके साथ ही सक्रिय मामलों की दर घटकर 6.97 प्रतिशत हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से रविवार को जारी आंकड़ों के अनुसार कोरोना को मात देने वालों की दर बढ़कर 91.53 प्रतिशत हो गई है, जबकि मृत्यु दर घटकर 1.49 प्रतिशत तथा संक्रिय मामलों की दर 6.97 फीसदी हो गई है। वहीं कोरोना नियमों का पालन करते हुए लोग एक बार फिर अपने कामकाज में लौट रहे हैं। देश आज से यानि कि 1 नवंबर से अनलॉक-6 की तरफ बढ़ रहा है। कंटेनमेंट जोन के अलावा दूसरी जगहों पर बाहरी गतिविधियों को बढ़ाने के साथ रविवार को भारत में अनलॉक शुरू हुआ।

आज से देशवासियों को मिल रहीं ये रियायतें
बसों की सभी सीटों पर यात्रा कर सकते हैं यात्री
कोरोना मामलों में वृद्धि के बीच, दिल्ली के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने शनिवार को कहा कि यात्री एक नवंबर से सार्वजनिक परिवहन बसों की सभी सीटों पर यात्रा कर सकते हैं और सतर्क किया कि यात्रियों को फेस मास्क पहनना होगा और शारीरिक दूरी बनाए रखना होगा। हालांकि, गहलोत ने कहा कि किसी भी यात्री को बस में खड़े होकर यात्रा करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। 

दिल्ली में शादियों में अब 200 मेहमान
दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) ने शनिवार को शादी समारोहों में केवल 50 मेहमानों के प्रतिबंध को हटाकर लोगों को बड़ी राहत दी है। मुख्य सचिव विजय देव द्वारा जारी देर रात को आए आदेश के मुताबिक अब दिल्ली में 200 मेहमानों को शादी समारोह में शामिल होने की इजाजत होगी। DDMA ने शनिवार को शहर में होने वाली शादियों और संबंधित कार्यों के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का एक सेट भी जारी किया।

केरल में खोले जाएंगे समुद्री तट 
कोरोना के कारण महीनों तक बंद रहने के बाद केरल के मनोरम समुद्री तट रविवार से पर्यटकों के लिए फिर से खुलने को तैयार हैं। महामारी फैलने के बाद से राज्य में पर्यटन क्षेत्र की स्थिति पर विपरीत प्रभाव पड़ा है। अनलॉक प्रक्रिया के तहत राज्य सरकार ने पर्यटन केंद्रों को दो चरणों में खोलने का निर्णय लिया।

मुंबई में चलेंगी 610 और लोकल ट्रेनें
कुल 610 और लोकल ट्रेन सेवाएं - 314 सेंट्रल (CR) और 296 वेस्टर्न रेलवे (WR) आज से चलेंगी, जो 2020 तक परिचालन में उपनगरीय ट्रेन सेवाओं की कुल संख्या को आगे बढ़ाएंगी। कोरोना लॉकडाउन लागू होने से पहले, रेलवे 3,141 उपनगरीय सेवाएं - 1,774 CR और 1,6767 WR का संचालन करता था।

गोवा के कैसिनो खुले
 गोवा में आज से 50 प्रतिशत क्षमता के साथ कैसिनो खोले जाएंगे। फैसले की घोषणा करते हुए गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा कि यह फैसला राज्य में पर्यटन गतिविधि को बढ़ावा देने के लिए लिया गया है। उन्होंने कहा कि 1 नवंबर से, हमने कैसीनो शुरू करने की अनुमति दी है। उन्हें सभी SOP का पालन करना होगा जो गृह विभाग द्वारा उन्हें जारी किया जाएगा और 50% क्षमता के साथ वे शुरू कर सकते हैं। हमें पर्यटन गतिविधि को बढ़ावा देने की जरूरत है।

 

दुधवा टाइगर रिजर्व
उत्तर प्रदेश में स्थित प्रमुख वन्यजीव अभ्यारण्यों में से एक, दुधवा टाइगर रिजर्व (DTR) भी आज से फिर खोला जाएगा। दुधवा टाइगर रिजर्व आने वाले लोगों के लिए सख्त कोरोना प्रोटोकॉल लागू होंगे। लोगों को इन प्रोटोकॉल का अच्छे से पालन करना होगा। 

काजीरंगा नेशनल पार्क और टाइगर रिजर्व में हाथी सफारी
राष्ट्रीय उद्यान 21 अक्टूबर को पर्यटकों के लिए फिर से खोल दिया गया था। लेकिन हाथी सफारी, सबसे बड़े पर्यटक आकर्षणों में से एक है, इसे फिर से शुरू नहीं किया गया था। इसकी शुरुआत आज से यानि कि 1 नवंबर से हो रही है। 

 

15000 श्रद्धालुओं को माता वैष्णो देवी यात्रा की अनुमति
आज से प्रतिदिन वैष्णो देवी मंदिर में पंद्रह हजार तीर्थयात्रियों को जाने की अनुमति दी जाएगी। इससे पहले 7,000 तीर्थयात्रियों को तीर्थ यात्रा करने की अनुमति दी गई थी।

ओडिशा में 16 नवंबर से खुलेंगे स्कूल
ओडिशा सरकार ने 16 नवंबर से नौंवी-12वीं क्लास तक के छात्रों के लिए स्कूलों को आंशिक रूप से खोलने की शनिवार को घोषणा की। राज्य सरकार द्वारा जारी यह सभी अधिसूचनाएं 'अनलॉक-6' के दिशानिर्देशों का हिस्सा हैं। आधिकारिक आदेश में कहा गया है, ‘‘16 नवंबर, 2020 से स्कूल और जन शिक्षा विभाग के नियंत्रण/अधीक्षण/निगरानी के तहत स्कूलों में नौवीं से 12वीं की कक्षाएं विभाग से जारी किए जाने वाले दिशा-निर्देशों/SOP के अनुपालन में फिर से खोली जाएंगी। 

 

बता दें कि कुछ दिन पहले गृह मंत्रालय (MHA) ने कहा था कि इसमें और ढील नहीं दी जाएगी और पिछले महीने जारी किए गए 5.0 दिशानिर्देश 30 नवंबर तक लागू रहेंगे। 1 जून से देश में 'अनलॉक' प्रक्रिया शुरू होने के बाद सख्त नियमों के साथ रेस्तरां, सिनेमा हॉल, जिम, मॉल, स्कूल, स्विमिंग पूल, धार्मिक स्थान और मेट्रो रेल सेवाओं की गतिविधियों को गाइडलाइन्स के साथ खोलने की अनुमति दी गई थी।

Seema Sharma

Advertising