अनोखी शादी: 75 का दूल्हा, 70 की दुल्हन

Wednesday, Aug 16, 2017 - 05:56 PM (IST)

पत्थलगाव: छत्तीसगढ़ में जशपुर जिले के बगीचा तहसील के वकडोल गांव में आज 75 साल के दूल्हे ने 70 साल की दुल्हन के साथ शादी की, जिसमें परिजनों के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों और आस-पास के गांव के लोग भी शामिल हुए।

बगीचा तहसील की ग्राम पंचायत बगडोल के सरपंच ललित नागेश ने आज बताया कि रतिया राम ने लगभग 2 दशक पहले अपनी पत्नी की मृत्यु हो जाने के बाद अपनी 2 बेटियों का विवाह किया। उसके बाद वह गांव में ही एकाकी जीवन व्यतित कर रहा था। इसी गांव में एक महिला जीवना बड़ी अपने पति की मृत्यु के बाद अकेले जीवन व्यतित कर रही थी। इसी बीच एक दूसरे की मदद करने से उनकी मित्रता बढ़ गई। उन्होंने विवाह कर एक साथ रहने के लिए अनुमति गांव के सरपंच से और गांव के लोगों से मांगी। 2 वृद्धों द्वारा विवाह कर एक साथ गुजर बसर करने की इच्छा को देख कर गांव के लोगों ने मिलजुल कर इनके विवाह का आयोजन किया। 

बगडोल गांव में अपने ढंग का अनोखा विवाह होने के कारण इसमें बरातियों की काफी भीड़ थी। इस शादी में सबसे दिलचस्प बात यह थी कि घोड़े पर सवार 75 वर्षीय रतिया राम की बारात में उसके नाती पोतों के अलावा क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और पूर्व विधायक जागेश्वर राम भगत भी उपस्थित थे। इसी तरह 70 वर्षीय दुल्हन जीवना बड़ी के साथ भी उसके नाती और पोतों की लंबी कतार मौजूद थी। इन दोनों की आज वैदिक रीति रिवाज के साथ विवाह की रस्में संपन्न हुई और जनप्रतिनिधियों एवं गांव के लोगों ने उनकी जरूरत का ढेर सारा सामान भी भेंट किया।

Advertising