E20 पेट्रोल पॉलिसी का विरोध करने पर भड़के केंद्रीय मंत्री, मंच से दी चेतावनी (Video वायरल)
punjabkesari.in Tuesday, May 19, 2026 - 09:27 PM (IST)
नागपुर: नागपुर में आयोजित 'जलसंवाद 2026' जल संरक्षण सेमिनार में उस समय हड़कंप मच गया, जब केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी एक सवाल पर बुरी तरह भड़क उठे। जल प्रबंधन और किसानों के मुद्दों पर सभा को संबोधित करते हुए गडकरी का एक बेहद आक्रामक अंदाज देखने को मिला, जिसकी अब चारों ओर चर्चा हो रही है।
सरेआम दी पुलिस बुलाने की चेतावनी
घटना 17 मई 2026 की है, जब संबोधन के दौरान किसी ने उनसे सरकार की E20 इथेनॉल-मिश्रित पेट्रोल नीति पर सवाल पूछ लिया। सवाल सुनते ही गडकरी अपना आपा खो बैठे और उन्होंने सख्त लहजे में सवाल पूछने वाले को पुलिस बुलाने की धमकी दे डाली। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
तीखी भाषा पर शुरू हुई आलोचना
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो को लेकर लोगों में काफी नाराजगी देखी जा रही है। कई यूजर्स एक सार्वजनिक कार्यक्रम में मंत्री द्वारा इस्तेमाल की गई रफ भाषा और उनके आक्रामक रवैये की कड़ी आलोचना कर रहे हैं। आलोचकों का कहना है कि एक जिम्मेदार पद पर बैठे व्यक्ति को जनता के सवालों का जवाब शालीनता से देना चाहिए।
E20 नीति को लेकर क्यों है जनता में गुस्सा?
दरअसल, केंद्र सरकार की E20 (20% इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल) नीति को लेकर वाहन मालिकों के बीच पहले से ही काफी विरोध है। उपभोक्ताओं की मुख्य शिकायत यह है कि इस नए ईंधन के इस्तेमाल से गाड़ियों के इंजन खराब हो रहे हैं और माइलेज में भी भारी कमी आ रही है। इसी नीतिगत असंतोष के बीच जब गडकरी से जवाब मांगा गया, तो वे खुद पर काबू नहीं रख सके और विवाद खड़ा हो गया।
