केंद्रीय मंत्री के बोल- अगर किसी भी हिंदू लड़की को छुआ, तो नहीं बचेंगे हाथ

Monday, Jan 28, 2019 - 11:02 AM (IST)

नेशनल डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नसीहत देने के बावजूद भी भाजपा नेताओं के विवादित बयानों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अपने बयानों को लेकर विवादों में रहने वाले केंद्रीय रोज़गार और कौशल विकास राज्य मंत्री अनंत कुमार हेगड़े ने एक बार फिर सुर्खियों में आ गए हैं। उन्होंने हिंदू लड़कियों की सुरक्षा को लेकर बड़ा बयान दे दिया है। 


हेगड़े ने कर्नाटक के कोडागु जिले में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि यदि किसी हिंदू लड़की को कोई छूता है तो उस हाथ का अस्तित्व भी नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमें अपने समाज की प्राथमिकताओं के बारे में पुनर्विचार करना होगा। हमें जाति के बारे में नहीं सोचना चाहिए, यदि किसी हिंदू लड़की को कोई छुए तो उसके हाथ बचने नहीं चाहिए। 


अनंत कुमार यही नहीं रूके उन्होंने ताजमहल का जिक्र करते हुए कहा कि यह मुसलमानों द्वारा नहीं बनाया गया है। उन्होंने दावा किया कि शाहजहां की जीवनी में लिखा है कि उसने ये महल राजा जय सिंह से खरीदा था। हेगड़े ने दावा किया कि ये एक शिव मंदिर है जिसे राजा परमतीर्थ ने बनाया था।इसका नाम तेजो महालया था जो बदलकर ताजमहल कर दिया गया। अगर हम सोते रहे तो भगवान राम को जहांपनाह और सीता को बीवी के नाम से बुलाया जाएगा। 


बता दें कि सबरीमाला मंदिर के मुद्दे को लेकर भी विवादित बयान दिया था। उन्होंने सरकार के इस मामले को संभालने की तुलना हिंदुओं के साथ 'दिन दहाड़े रेप' से की थी। उन्होंने कहा था कि जिस तरह से सरकार इस मामले को हैंडल कर रही है उससे यह मामला अब 'हिन्दुओं से दिन-दहाड़े रेप' की तरह हो चला है। 

vasudha

Advertising