केंद्रीय मंत्री रविशंकर का राहुल से सवाल, कांग्रेस बताए कैसे पहुंचाया 7 कंपनियों को फायदा

punjabkesari.in Monday, Mar 05, 2018 - 08:28 PM (IST)

नेशनल डेस्कः केंद्रीय कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद ने सोमवार को कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। रविशंकर ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से जवाब मांगा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पिछले चार साल से भय और भ्रम की राजनीति कर रही है। कांग्रेस लगातार बीजेपी के खिलाफ दुष्प्रचार कर रही है।

राहुल गांधी जवाब दें
केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि वर्ष 2014 में 7 कंपनियों को फायदा पहुंचाया था। यूपीए शासन में गोल्ड स्कीम से गीतांजलि ग्रुप को भी फायदा मिला था। उन्होंने कांग्रेस से सवाल करते हुए कहा कि गीतांजलि ग्रुप की लॉबिंग किसने की। प्रसाद ने सवाल किया कि कांग्रेस बताए कि जतिन मेहता को किसने विशेष सुविधाएं मुहैया कराई थीं और राहुल गांधी नीरव मोदी, मेहुल चोकसी पर जवाब दें।

प्रसाद ने कांग्रेस पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि यूपीए शासन में भ्रष्टाचार अपने चरम पर था। और 80-20 स्कीम के तहत यूपीए सरकार के जाते-जाते 7 प्राइवेट कंपनियों को फायदा पहुंचाया गया। चिदंबरम को बताना चाहिए कि 2014 में जिस दिन लोकसभा चुनाव की गिनती जारी थी। यूपीए सरकार सत्ता से जा रही थी। उसी दिन 7 प्राइवेट कंपनियों को 80-20 के तहत फायदा क्यों पहुंचाया गया। इनमें गीतांजलि ग्रुप भी शामिल थी।
 

बैंकों के रिकॉर्ड में नहीं आने दी चीजें
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मोदी सरकार में जितना भी कर्ज दिया गया, उसमें कोई भी अब तक एनपीए नहीं हुआ। लेकिन यूपीए सरकार के वक्त वर्ष 2008 में 18.06 लाख करोड़ का कर्ज देश के बैंकों से दिया गया और 2014 में बढ़कर 52.15 लाख करोड़ तक पहुंच गया। उन्होंने कहा कि मार्च 2008 में स्ट्रेस एसेट 36% था। लेकिन 2014 आते आते स्ट्रेस एसेट 82% तक हो गया। यूपीए शासन के दौरान बैंकों के रिकॉर्ड में सारी चीजें नहीं आने दी गई।

कांग्रेस भ्रम और भय फैलाना चाहती है
कानून मंत्री ने कहा कि कांग्रेस सुधार विरोधी पार्टी है। कांग्रेस नहीं चाहती कि सुधार हो, अगर सुधार हुआ तो पारदर्शिता आएगी और एकाउंटबिलिटी आएगी। इससे कांग्रेस की परेशानियां बढ़ेंगी। कांग्रेस पार्टी देश के अंदर भ्रम और भय का माहौल बनाना चाहती है और भारतीय जनता पार्टी ऐसा होने नहीं देगी। बीजेपी कांग्रेस को एक्सपोज करेगी। भारतीय जनता पार्टी ने नॉर्थ ईस्ट में भ्रम और भय के माहौल को खत्म किया है।

हर राजनीतिक दल को है हक
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राफेल डील को लेकर कांग्रेस हमारे ऊपर सवाल उठा रही है। लेकिन कांग्रेस खुद बोफोर्स के भ्रष्टाचार में डूबी हुई है। डोकलाम पर कांग्रेस सवाल पूछ रही थी, वहीं दूसरी तरफ राहुल गांधी चीन के अंबेसडर से मुलाकात कर रहे थे। थर्ड फ्रंट की चर्चा पर रविशंकर ने कहा कि हर पार्टी को अधिकार है कि वो अपने विकास के लिए रणनीति तैयार करें। लेकिन असली जनादेश जनता का होता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News