अवसरों का विस्तार, आकांक्षाओं को सम्मान- योगी राज में युवाओं के लिए इस तरह खुलीं संभावनाओं की नई राहें
punjabkesari.in Monday, Mar 23, 2026 - 06:58 PM (IST)
नेशनल डेस्क : किसी भी राज्य या राष्ट्र की वास्तविक शक्ति उसकी युवा पीढ़ी में निहित होती है। युवा केवल जनसंख्या का हिस्सा नहीं होते, बल्कि वे ऊर्जा, नवाचार, साहस और परिवर्तन के प्रतीक होते हैं। जब युवाओं की क्षमता को सही दिशा, शिक्षा और अवसर मिलते हैं, तो वे आर्थिक विकास, सामाजिक परिवर्तन और सांस्कृतिक पुनर्जागरण के प्रमुख वाहक बन जाते हैं। युवा शक्ति केवल श्रमबल नहीं है, बल्कि यह विचारों की प्रयोगशाला भी है।
उत्तर प्रदेश में पिछले नौ सालों में युवाओं के लिए संभावनाओं के द्वार खुले तो युवा आज स्टार्टअप संस्कृति, तकनीकी नवाचार और डिजिटल क्रांति का नेतृत्व करते दिखाई देते हैं। इस परिवर्तन का आधार केवल योजनाओं का परिणाम नहीं, बल्कि एक स्पष्ट दृष्टि और ठोस इच्छाशक्ति का प्रतिबिंब है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार ने युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा देने का दायित्व निभाया और सही नीति और क्रियान्वयन से उनमें आत्मविश्वास का संचार किया। भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता, नकल माफिया पर सख्ती और असीमित अवसरों ने युवाओं में व्यवस्था के प्रति भरोसा पैदा किया है।
भ्रष्ट व्यवस्था से पारदर्शिता तक- भर्ती प्रणाली में बदलाव
एक समय था जबकि उत्तर प्रदेश में युवाओं की आकांक्षाएं अवसरों के अभाव में सीमित हो जाती थीं। भर्तियों में भाई-भतीजावाद और भ्रष्टाचार की जड़े इतनी गहरी थीं कि मेधा के लिए कोई अवसर ही नहीं था। नियुक्ति पत्र खरीदे-बेचे जाते थे। परीक्षाओं के पेपर लीक होते थे। दलाल बिचौलिया बनकर युवाओं का भविष्य निगल जाते थे। भर्तियों के इन नासूरों का विनाश करके ही युवाओं के लिए समान अवसर की व्यवस्था कायम की जा सकती थी।
2017 में सत्ता में आने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस सिस्टम को जड़ से उखाड़ने का निर्णय किया और उनकी प्रबल इच्छाशक्ति का परिणाम आज सामने है। नौ वर्षों में राज्य सरकार ने नौ लाख से अधिक सरकारी नियुक्तियां दी हैं और अगले वित्तीय वर्ष का लक्ष्य भी युवाओं को डेढ़ लाख नौकरियों के रूप में सामने है। देश का युवा अब खुद को हाशिए पर नहीं, बल्कि विकास के केंद्र में देख रहा है और यही किसी भी राज्य के उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव होती है।
रोजगार के नए अवसर- सरकारी से निजी क्षेत्र तक विस्तार
जिस प्रदेश की पहचान कभी बेरोजगारी और पलायन की मजबूरी से जुड़ी रही हो, आज वही प्रदेश निवेश, उद्योग, स्टार्टअप और रोजगार के अवसरों की नई जमीन के रूप में उभर रहा है। पिछले नौ वर्षों में प्रदेश में लगभग 9 लाख युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। यह संख्या केवल एक आंकड़ा नहीं, बल्कि लाखों परिवारों के जीवन में आई स्थिरता और आत्मविश्वास का प्रतीक है।
लंबे समय तक भर्तियों में पारदर्शिता और समयबद्धता की कमी को लेकर जो सवाल उठते थे, उन्हें दूर करने के लिए भर्ती प्रक्रियाओं को डिजिटाइज किया गया, नकल माफिया पर सख्ती हुई और चयन प्रणाली को अधिक विश्वसनीय बनाया गया। यही कारण है कि आज के युवाओं में यह भरोसा है कि उसकी मेहनत का परिणाम उसे निष्पक्ष तरीके से मिलेगा।
निवेश, इंफ्रास्ट्रक्चर और स्टार्टअप- नई अर्थव्यवस्था की नींव
सरकारी नौकरियों के साथ-साथ निजी क्षेत्र में भी रोजगार के अवसरों का व्यापक विस्तार हुआ है। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के माध्यम से 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए, जिनमें से बड़ी संख्या में परियोजनाएं धरातल पर उतर रही हैं। इन परियोजनाओं के माध्यम से लाखों प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित होने की उम्मीद है। औद्योगिक कॉरिडोर, एक्सप्रेस-वे, डिफेंस कॉरिडोर और डेटा सेंटर जैसे प्रोजेक्ट्स ने प्रदेश के आर्थिक ढांचे को नई गति दी है। अब युवाओं के लिए रोजगार का अर्थ केवल नौकरी तक सीमित नहीं रहा।
योगी आदित्यनाथ अपने संबोधनों में कहते भी हैं - ‘हमारा लक्ष्य है कि युवा नौकरी मांगने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला बने।’ प्रदेश की नीतियों में यह भाव स्पष्ट रूप से दिखाई भी देता है। सरकार ने ‘नौकरी से आगे रोजगार’ के व्यापक दृष्टिकोण को अपनाया है। मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, ओडीओपी (वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट), और स्टार्टअप नीति के जरिए युवाओं को उद्यमिता की ओर प्रोत्साहित किया गया है। आज उत्तर प्रदेश में 8,000 से अधिक स्टार्टअप पंजीकृत हो चुके हैं। यह बदलाव बताता है कि युवा अब केवल नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला भी बन रहा है।
आंकड़े इसकी गवाही देते हैं। मुख्यमंत्री युवा योजना के तहत 1.10 लाख युवाओं को गारंटी-मुक्त और ब्याज-मुक्त ऋण उपलब्ध कराया गया है। एमएसएमई क्षेत्र में 3 करोड़ 11 लाख से अधिक युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जा चुका है।
सामाजिक बदलाव और आत्मनिर्भरता- पलायन से अवसर तक
यह बदलाव केवल आर्थिक नहीं, बल्कि सामाजिक भी है। रोजगार मिलने से युवाओं में आत्मसम्मान बढ़ा है, परिवारों की आर्थिक स्थिति सुधरी है और पलायन में कमी आई है। पहले जहां रोजगार के लिए दूसरे राज्यों की ओर जाना मजबूरी था, वहीं अब उत्तर प्रदेश खुद अवसरों का केंद्र बनता जा रहा है। योगी सरकार का दृष्टिकोण स्पष्ट है - 'सुरक्षित वातावरण, मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर और निवेश-हितैषी नीतियां।' इनसे ही रोजगार बढ़ेगा।
कानून-व्यवस्था में सुधार और बेहतर कनेक्टिविटी ने निवेशकों का विश्वास बढ़ाया है, जिसका सीधा लाभ युवाओं को रोजगार के रूप में मिल रहा है। एक्सप्रेस-वे, एयरपोर्ट और लॉजिस्टिक्स हब जैसे प्रोजेक्ट्स केवल विकास के प्रतीक नहीं, बल्कि रोजगार के बड़े स्रोत भी हैं।
नई सोच, नई चुनौतियां- संभावनाओं से भरा भविष्य
उत्तर प्रदेश का यह बदलाव केवल आंकड़ों की कहानी नहीं है, बल्कि एक नई मानसिकता का उदय है। वह मानसिकता, जिसमें युवा खुद को सीमाओं में नहीं, बल्कि संभावनाओं में देखता है। लेकिन युवाओं के लिए यह समय जिम्मेदारी का भी है। बदलते आर्थिक परिदृश्य में केवल डिग्री नहीं, बल्कि कौशल, नवाचार और निरंतर सीखने की क्षमता ही सफलता की कुंजी बनती जा रही है।
सरकार जहां अवसरों का विस्तार कर रही है, वहीं युवाओं को भी अपने भीतर उस क्षमता को विकसित करना होगा, जो उन्हें इन अवसरों का लाभ उठाने योग्य बनाए। इसके अतिरिक्त अभी कई चुनौतियां भी मौजूद हैं। विशाल जनसंख्या और बढ़ती आकांक्षाओं के बीच रोजगार सृजन की गति को बनाए रखना एक सतत प्रक्रिया है। लेकिन यह भी उतना ही सत्य है कि प्रदेश ने जिस दिशा में कदम बढ़ाए हैं, वह आशा से भरी हुई है। -डॉ. योगेश कुमार दुबे
