30 फुट गहरे गड्ढे में चाचा-भतीजे की मिट्टी के मलबे में दबकर मौत, गांव में पसरा मातम

punjabkesari.in Saturday, Aug 15, 2026 - 11:58 PM (IST)

नेशनल डेस्क : उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के थाना बड़गांव क्षेत्र के ग्राम चिराउ में शनिवार को नलकूप के पास खोदे गए करीब 30 फुट गहरे गड्ढे में चाचा-भतीजे की मिट्टी के मलबे में दबकर मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी और कहा कि मिट्टी के धंस जाने से यह घटना घटी। बड़गांव थाना प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) नरेंद्र भड़ाना ने बताया कि आज ग्राम चिराउ निवासी राजेंद्र (45) गड्ढे से ईंट निकाल रहा था। इसी दौरान उसका 12 वर्षीय भतीजा गौरव ऊपर गड्ढे के किनारे पर बैठा था।

उन्होंने बताया कि अचानक मिट्टी का एक बड़ा हिस्सा खिसक गया जिससे गौरव भी गड्ढे में गिर गया। इस घटना में राजेंद्र व गौरव दोनों की गड्ढे में मिट्टी के मलबे में दबने से मौत हो गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और राहत टीम ने जेसीबी की मदद से मलबा हटाने का काम शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद राजेंद्र को बाहर निकाला गया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

इसके बाद टीम ने गौरव को निकालने का प्रयास शुरू किया। इस बात का विशेष ध्यान रखा गया कि मिट्टी में दबे गौरव को कोई नुकसान न पहुंचे। कई घंटे की मेहनत के बाद गौरव को भी बाहर निकालकर एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया, लेकिन चिकित्सक उसे बचा नहीं सके। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। चाचा-भतीजे की मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News