ब्रिटेन में नई डिजिटल प्रणाली लागू, भारतीय यात्रियों के लिए अनिवार्य होगा...
punjabkesari.in Wednesday, Feb 25, 2026 - 05:52 PM (IST)
London: ब्रिटेन ने बुधवार से नई डिजिटल यात्रा प्रणाली लागू कर दी है, जिसके तहत भारतीय यात्रियों के लिए ई-वीजा (E-Visa) अनिवार्य कर दिया गया है। United Kingdom की इस नई व्यवस्था के तहत पारंपरिक कागज आधारित वीजा ‘स्टिकर’ प्रणाली को समाप्त कर डिजिटल प्रणाली लागू की गई है। भारतीय यात्रियों को अब केवल ई-वीजा के माध्यम से प्रवेश मिलेगा। जिन 85 देशों के नागरिकों को पहले वीजा की आवश्यकता नहीं थी (जैसे अमेरिका, कनाडा, फ्रांस), उन्हें अब इलेक्ट्रॉनिक ट्रैवल ऑथराइजेशन (ETA) लेना अनिवार्य होगा। एयरलाइन कंपनियां यात्रियों को तभी बोर्डिंग देंगी जब उनके पास वैध ई-वीजा, ETA या अन्य स्वीकृत दस्तावेज होंगे।
ब्रिटेन की सीमा और आव्रजन प्रणाली को पूरी तरह डिजिटल बनाने की योजना के तहत अब बायोमेट्रिक निवास परमिट (BRP) और वीजा विग्नेट स्टिकर जैसे भौतिक दस्तावेजों को चरणबद्ध तरीके से समाप्त किया जा रहा है। ब्रिटिश गृह मंत्रालय के अनुसार अब तक एक करोड़ से अधिक ई-वीजा जारी किए जा चुके हैं। ई-वीजा न तो खो सकता है, न चोरी हो सकता है और न ही उसमें छेड़छाड़ की जा सकती है। यह वीजा धारकों को तुरंत और सुरक्षित रूप से अपने आव्रजन अधिकारों को साबित करने की सुविधा देता है।
ब्रिटेन के प्रवासन और नागरिकता मंत्री Mike Tapp ने कहा कि “मैं ब्रिटेन की यात्रा करने के इच्छुक सभी लोगों से आग्रह करता हूं कि वे यात्रा से पहले आवश्यक अनुमति सुनिश्चित कर लें, ताकि उनकी यात्रा सुगम हो सके।” हालांकि वीजा अब डिजिटल होगा, लेकिन बायोमेट्रिक पंजीकरण के लिए आवेदकों को आवेदन केंद्र पर व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होना होगा। फायदा यह है कि अब आवेदन प्रक्रिया के दौरान पासपोर्ट जमा करने की आवश्यकता नहीं होगी, जिससे यात्रियों को सुविधा मिलेगी। विशेषज्ञों का मानना है कि यह कदम सुरक्षा, पारदर्शिता और दक्षता बढ़ाने की दिशा में उठाया गया है। हालांकि, यात्रियों को पहले से अधिक सतर्क और डिजिटल रूप से तैयार रहना होगा।
