दशहरा पर उद्धव ठाकरे गुट को लग सकता है झटका, 2 सांसद और 5 विधायक शिंदे गुट में हो सकते हैं शामिल

punjabkesari.in Wednesday, Oct 05, 2022 - 05:47 PM (IST)

नेशनल डेस्कः शिवसेना (शिंदे गुट) के लोकसभा सदस्य कृपाल तुमाने ने बुधवार को दावा किया कि उद्धव ठाकरे-धड़े के दो सांसद और पांच विधायक शाम को आयोजित दशहरा रैली में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाले गुट में शामिल होंगे। शिंदे गुट के नेता तुमाने ने एक समाचार चैनल को बताया कि दो सांसद मुंबई और मराठवाड़ा क्षेत्र से हो सकते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘आप शाम को देखेंगे।''

महाराष्ट्र के रामटेक से सांसद तुमाने ने कहा कि शिंदे गुट की विचारधारा को मानने वाले खुद फोन कर इसमें शामिल हो रहे हैं। वर्तमान में शिंदे गुट में मुख्यमंत्री सहित 40 विधायक और 12 लोकसभा सदस्य शामिल हैं। ठाकरे गुट के पास 15 विधायक और छह लोकसभा सदस्य हैं। इस साल जून में विभाजन से पहले, शिवसेना के पास महाराष्ट्र से 18 और दादरा और नगर हवेली से एक लोकसभा सदस्य था।

शिंदे के नेतृत्व वाला बागी गुट बुधवार शाम मुंबई के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स के एमएमआरडीए मैदान में दशहरा रैली आयोजित करेगा। ठाकरे गुट मध्य मुंबई के दादर में ऐतिहासिक शिवाजी पार्क में अपनी रैली आयोजित करेगा, जो 1966 में शिवसेना की स्थापना के बाद से जुड़ा हुआ है। शिंदे और शिवसेना के 39 अन्य विधायकों ने जून में पार्टी नेतृत्व के खिलाफ विद्रोह कर दिया था, जिसके बाद ठाकरे के नेतृत्व वाली महा विकास अघाड़ी सरकार गिर गई थी। शिंदे ने 30 जून को मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी और भाजपा के देवेंद्र फडणवीस उपमुख्यमंत्री बने थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yaspal

Recommended News

Related News