असम में दो दिनों में दो महिलाओं की ट्रेन में दुष्कर्म के बाद हत्या

Wednesday, Jul 11, 2018 - 11:20 PM (IST)

गुवाहाटी: असम के शिवसागर जिले में चलती ट्रेन में एक लड़की के साथ दुष्कर्मऔर उसकी हत्या की घटना के एक दिन बाद राज्य के जोरहट जिले में बुधवार को एक महिला का शव दूसरी ट्रेन में उसी हालत में बरामद किया गया। 

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि आवाश असम एक्सप्रेस में दिव्यांगों के डिब्बे के शौचालय में 45 वर्षीय एक महिला का शव मैरियानी स्टेशन पर बरामद किया गया। महिला तिनसुकिया जिले की रहने वाली थी। दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दिए जाने की आशंका है। 

गौरतलब है कि असम कृषि विश्वविद्यालय जोरहट की एक छात्रा का शव मंगलवार को सुबह करीब नौ बजे डिब्रूगढ़-रांगिया पैसेंजर ट्रेन के सामान्य कोच के शौचालय से सिमालुगुडी स्टेशन पर बरामद किया गया था। छात्रा को उसकी मां ने 20 मिनट पहले ही ट्रेन पर बिठाया था। असम पुलिस ने इस घटना की जांच विशेष जांच दल को सौंप दी है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि शिवसागर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक इस दल का नेतृत्व करेंगे। पूर्वोत्तर फ्रंटियर रेलवे के प्रवक्ता ने बताया कि रेलवे संरक्षा बल भी इस मामले की जांच करेगा। 
 

Pardeep

Advertising