Raipur Gambling Arrests: रायपुर में जुआ खेलते दो लोग गिरफ्तार, 42 लाख की कुल संपत्ति जब्त
punjabkesari.in Tuesday, Apr 07, 2026 - 12:31 PM (IST)
Raipur Gambling Arrests : छत्तीसगढ़ के रायपुर ग्रामीण पुलिस ने जुआरियों के खिलाफ बड़ी कारर्वाई करते हुए थाना अभनपुर क्षेत्र में दबिश देकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है तथा मौके से मर्सिडीज कार, आईफोन और नगदी सहित करीब 42.14 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है। जिसकी जानकारी मंगलवार सुबह पुलिस ने दी। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रायपुर ग्रामीण और धमतरी जिले की सीमा पर ग्राम टोकरो के पास खेतों में कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं।
पुलिस टीम की मौके पर छापेमारी
सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश और डीएसपी नवा रायपुर के नेतृत्व में अभनपुर थाना पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की। पुलिस को देखकर जुआ खेल रहे लोग भागने लगे, जिनमें से दो आरोपियों को पुलिस ने पीछा कर पकड़ लिया जबकि अन्य अंधेरे और खेतों का फायदा उठाकर फरार हो गए।
यह भी पढ़ें: Credit Card का बिल भरने में की देरी तो कंगाल कर देगा भारी ब्याज, जानें क्या बैंक आपको भिजवा सकता है जेल?
कुल 42 लाख की संपत्ति जब्त
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल सिंह (34), निवासी सेक्टर-10 भिलाई, और रितेश कुमार (36), निवासी आनंद विहार, तेलीबांधा रायपुर के रूप में हुई है। मौके से पुलिस ने 6.34 लाख रुपये नगद, एक ताश की गड्डी, एक मर्सिडीज कार और दो आईफोन जब्त किए हैं। जब्त सामग्री का कुल मूल्य लगभग 42.14 लाख रुपये बताया गया है। पुलिस ने बताया कि फरार आरोपियों की तलाश जारी है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उनकी पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत विधिसम्मत कारर्वाई की जा रही है।
