गहरे प्यार में बदल गई दो सहेलियों की दोस्ती, तो एक ने चेंज करवा लिया अपना जेंडर, अब रचाई शादी, Video Viral
punjabkesari.in Tuesday, Jun 02, 2026 - 08:45 AM (IST)
Jamui Two Female Friends Marriage : बिहार के जमुई जिले से एक ऐसी अनोखी प्रेम कहानी सामने आई है जिसने सोशल मीडिया से लेकर आम जनता के बीच एक नई चर्चा छेड़ दी है। यहां लक्ष्मीपुर प्रखंड में रहने वाली दो पक्की सहेलियों ने समाज की पुरानी रूढ़ियों को पीछे छोड़ते हुए एक-दूसरे से शादी कर ली है। नजारी गांव की रहने वाली नैंसी और राखी कुमारी ने अब जीवनभर साथ रहने का फैसला किया है। इस विवाह की सबसे खास बात यह रही कि शादी के बंधन में बंधने से पहले राखी ने अपना जेंडर (लिंग) चेंज करवाया जिसके बाद दोनों ने पारंपरिक हिंदू रीति-रिवाज से शादी रचाई।
जानकारी के लिए बता दें कि नैंसी और राखी बचपन से ही एक-दूसरे की सबसे करीबी दोस्त थीं। वक्त के साथ-साथ उनकी यह दोस्ती गहरे प्यार में बदल गई और दोनों ने साथ जीने-मरने की कसमें खा लीं। इसी बीच नैंसी ने कड़ी मेहनत कर बीपीएससी (BPSC) की परीक्षा पास की और सरकारी स्कूल में शिक्षिका (Teacher) बन गई। बता दें कि अब फिलहाल नैंसी अपने गांव से करीब तीन किलोमीटर दूर मेदिनीपुर स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय में बच्चों को पढ़ाती है।
बिहार के जमुई में अनोखी शादी की चर्चा! 22 साल की BPSC शिक्षिका नयनश्री ने अपनी फुफेरी बहन राखी (23) से शादी कर ली। राखी ने शादी से 6 महीने पहले जेंडर चेंज कराया, नाम बदलकर राहुल रख लिया और इस पर करीब 8 लाख रुपये खर्च किए। दोनों ने हिंदू रीति-रिवाज से सात फेरे लिए। pic.twitter.com/5O9my3uJze
— Anand shekhar (@shekharanand76) June 1, 2026
जेंडर चेंज करवाने के बाद लिए सात फेरे
सरकारी नौकरी मिलने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर होने के बाद नैंसी ने अपने प्यार को मुकम्मल मुकाम देने का फैसला किया। नैंसी अपनी सहेली राखी को दिल्ली लेकर गई जहां डॉक्टरों की देखरेख में राखी का सफल जेंडर चेंज (Gender Transition) कराया गया। जेंडर बदलने के बाद राखी दूल्हा बन गया और नैंसी दुल्हन बन गई। दोनों ने मलयपुर थाना क्षेत्र के प्रसिद्ध पतनेश्वर मंदिर में जाकर पूरे विधि-विधान और हिंदू रीति-रिवाज के साथ सात फेरे लिए। इस अनोखी शादी का वीडियो अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है।

एक परिवार में जश्न, तो दूसरे घर में तनाव
शादी की रस्में पूरी होने के बाद दुल्हन बनी नैंसी जब राखी के पैतृक गांव हरला पहुंची तो राखी के परिवार वालों ने पारंपरिक तरीके से नई नवेली जोड़ी का स्वागत किया और उन्हें अपना लिया। हालांकि नैंसी के घरवाले इस रिश्ते के सख्त खिलाफ हैं। शादी की खबर मिलते ही नैंसी के नाराज परिजन राखी के घर भी पहुंचे थे लेकिन तब तक यह जोड़ा वहां से सुरक्षित स्थान के लिए निकल चुका था जिसके कारण अभी भी तनाव की स्थिति बनी हुई है।
