DJ की आवाज ने ली 2 मासूमों की जान, 8 जख्मी

Friday, Jul 07, 2017 - 11:06 AM (IST)

भागलपुर: डी.जे. की आवाज को लेकर लोगों में अक्सर विवाद हो जाते हैं, लेकिन यहां मामला कुछ अलग है। कहलगांव प्रखंड के बनसप्ती गांव में डी.जे. की आवाज से मिट्टी की दीवार गिरने से 2 बच्चों की मौत हो गई जबकि 8 बच्चे घायल हो गए।

स्थानीय लोगों ने बताया कि गांव में एक घर में शादी थी। कुछ लोगों की फरमाइश पर डीजे की आवाज को तेज कर दिया गया। बारिश के कारण कमजोर हो चुकी दीवार तेज आवाज की धमक से गिर गई। दीवार के पास खड़े कुछ बच्चे इसकी चपेट में आ गये। शकील मंसूर के पुत्र शाहनवाज मंसूर(08) की मौके पर ही मौत हो गई। इनके अतिरिक्त 4 को गहरी चोटें आयीं जिसका इलाज अनुमंडलीय अस्पताल में चल रहा है। हरि मंसूर के पुत्र सजरुल(14) की मायागंज अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।

पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के अनुसार लगातार हो रही बारिश से मिट्टी की दीवार गलने के कारण यह हादसा हुआ।

Advertising