राजस्थान: तेज आंधी में 34 लोगों की मौत, लगभग 100 लोग घायल

Thursday, May 03, 2018 - 02:49 PM (IST)

जयपुर: राजस्थान के कुछ हिस्सों में कल रात आई तेज आंधी में 34 लोगों की मौत हो गई और लगभग 100 लोग घायल हो गए। आपदा प्रबंधन और राहत सचिव हेमंत कुमार गेरा ने बताया कि प्रदेश के मत्स्य क्षेत्र में कल रात आई तेज आंधी में कई मकान ढह गए और बिजली के कई खंबे तथा पेड़ उखड़ गए जिससे कारण कई लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। उन्होंने बताया कि तेज आंधी ने मुख्य रूप से तीन जिलों को प्रभावित किया। इसके कारण प्रदेश के भरतपुर में 12 लोगों की, धौलपुर में 10 लोगों की और अलवर में पांच लोगों की मौत हो गई। 

गेरा ने बताया कि तेज आंधी के कारण अलवर में 20 लोग, भरतपुर में 32 लोग और धौलपुर में 50 लोग घायल हो गए। घायलों में कुछ का उपचार जारी है जबकि अन्य लोगों को घर भेज दिया गया है। धौलपुर में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है और उसे जयपुर रैफर किया गया है। उन्होंने बताया कि आंधी आपदा की विस्तृत रिपोर्ट की प्रतीक्षा है, हालांकि राहत दलों को सड़कों से मलबा हटाने, बिजली की सप्लाई को चालू करने सहित अन्य राहत कार्यो में लगाया गया है। 

मृतकों के परिजनों को मुआवजे का ऐलान
गेरा ने बताया कि आंधी प्रभावित जिला प्रशासन को आकस्मिक निधि कोष से राशि जारी की गई है। मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपए का मुआवजा, 60 प्रतिशत तक घायल हुए लोगों को दो-दो लाख रुपए का मुआवजा, 40 से 50 प्रतिशत तक घायल हुए लोगों को 60-60 हजार रुपए का मुआवजा दिया जाएगा।


राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने प्राकृतिक आपदा पर दुख व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन को निर्देश दिया है कि वह पीड़ितों को हर संभव राहत पहुंचाए। राजे ने आज ट्वीट कर पीड़ितों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवदेना व्यक्त की।


अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय महासचिव अशोक गहलोत ने अपने जन्मदिन का कार्यक्रम निरस्त कर दिया है। गहलोत ने कहा कि प्रदेश के कुछ हिस्सों में आई तेज आंधी के कारण लोगों की मौत होने से हमें बहुत आघात पहुंचा है और दुख की इस घड़ी में हम पीड़ितों के परिजनों के साथ हैं। 

 

 

Pardeep

Advertising