ट्रंप की भारत यात्रा है निजी से भी कुछ ज्यादा खास, जानें जबरदस्त कनेक्शन

Sunday, Feb 23, 2020 - 11:17 AM (IST)

लॉस एंजलिसः भारत यात्रा को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप बेहद उत्साहित हैं। ट्रंप का ये दौरा उनके लिए निजी से भी कुछ ज्यादा खास है। भारत दर्शन दौरान ट्रंप के ताज दीदार पर 100 करोड़ रुपए से ज्यादा का खर्च आएगा। इसमें 70 फीसदी खर्च सुरक्षा व्यवस्था पर होगा। शेष खर्च आवास से लेकर अन्य व्यवस्थाओं पर होगा। यूपी सरकार का भी लगभग 16 करोड़ रुपए खर्च करेगी। पांच सितारा होटलों में 500 कमरे अमेरिकी दल के लिए बुक कराए गए हैं। सुरक्षा की दृष्टि से 14 किलोमीटर लंबे रास्ते में 10 हजार पुलिसकर्मियों को तैनात किया जा रहा है। लेकिन ट्रंप का भारत दौरे का अमेरिकी चुनाव से बेहद जबरदस्त कनेक्शन है।

भारत यात्रा का अमेरिकी चुनाव से क्या है कनेक्शन
अमेरिका में राष्ट्रपति पद के चुनाव होने वाले हैं। ऐसे में भारतीय समुदाय का रुख अमेरिकी राष्ट्रपति के लिए काफी महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। भारत अमेरिका संबंधों में दोनों देशों के लोगों का आपसी संपर्क हमेशा से काफी अहम रहा है। इस समय करीब 40 लाख भारतीय समुदाय के लोग अमेरिका में हैं। इनमें से अच्छी खासी संख्या एनआरआई की है। करीब दो लाख भारतीय छात्र भी अमेरिका के विभिन्न संस्थानों में पढ़ाई कर रहे हैं। ट्रेंप की ये यात्रा अमेरिका में रह रहे 40 लाख भारतीय समुदाय के लोगों के लिए सीधा संदेश होगी। पिछले चुनाव में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के चुनाव में कई भारतीयों ने महत्वूपर्ण योगदान दिया था।

भारतीयों का दिल जीतने की कोशिश
सूत्रों का कहना है कि अमेरिकी राष्ट्रपति अहमदाबाद के मोटेरा स्टेडियम से इस तरह का स्पष्ट संदेश देना चाहेंगे जिससे वे अमेरिका में भारतीय समुदाय के लोगों का दिल जीत सकें। उन्होंने ह्यूस्टन में भी प्रधानमंत्री मोदी के साथ मंच साझा करके यही संदेश दिया था। ह्यूस्टन में प्रधानमंत्री मोदी के साथ राष्ट्रपति ट्रंप ने मंच पर आकर इस्लामिक आतंकवाद पर भी खरी-खोटी सुनाई थी। दोनों नेताओं ने एक दूसरे की प्रशंसा में कसीदे पढ़े थे। ट्रंप, मोदी से अपने रिश्तों का भी बार-बार उल्लेख करते रहे हैं।

ट्रंप नहीं खोना चाहेंगे मौका
इसके पहले भी अमेरिकी राष्ट्रपतियों की यात्रा हमेशा यादगार रही है। खासतौर पर क्लिंटन और ओबामा ने अपने रुख से भारतीयों के दिल में अच्छी जगह बनाई थी। ऐसे में ट्रंप शायद ही यह मौका खोना चाहें। परस्पर हितों पर चर्चा सूत्रों का कहना है कि यात्रा के दौरान दोनों देशों के लोगों के बीच आपसी संपर्क को बढ़ावा देने को लेकर भी चर्चा होगी। साथ ही अमेरिका में भारतीयों के हितों के मुद्दे पर भी प्रधानमंत्री मोदी ट्रंप से बात करेंगे। एच1बी वीजा के मुद्दे पर भी भारत अपना पक्ष रखेगा।

बढ़ा है भारतीयों का दखल
जानकार मानते हैं कि रिपब्लिकन और डेमोक्रेट दोनों के बीच भारतीय समुदाय का खासा दखल रहा है। भारतीयों की प्रभावकारी भूमिका के चलते पिछले दो दशकों में अमेरिकी प्रशासन में भी इस समुदाय का दखल बढ़ा है।

Tanuja

Advertising