US Visa Cancellation: ट्रंप प्रशासन की इस कारवाई से 1 लाख लोगों का टूटा सपना, 8 हजार छात्रों पर भी पड़ा असर

punjabkesari.in Tuesday, Jan 13, 2026 - 01:28 PM (IST)

नेशनल डेस्क : अमेरिका में आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए ट्रंप प्रशासन ने साल 2025 में बड़े पैमाने पर वीजा रद्द किए हैं। अमेरिकी विदेश मंत्रालय के मुताबिक, इस कार्रवाई के तहत अब तक एक लाख से ज्यादा वीजा निरस्त किए जा चुके हैं, जिनमें करीब 8,000 छात्र वीजा भी शामिल हैं।

अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए कहा कि देश की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कानून तोड़ने वाले विदेशी नागरिकों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। मंत्रालय के अनुसार, आपराधिक मामलों में शामिल लोगों के 8,000 छात्र वीजा और 2,500 विशेष श्रेणी के वीजा समेत कुल 1,00,000 वीजा रद्द किए गए हैं।

यह भी पढ़ें - राजनीति में हलचल! BJP के इस वरिष्ठ नेता ने कांग्रेस में वापसी का किया ऐलान, बताई ये अहम वजह

विदेश मंत्रालय के उप प्रवक्ता टॉमी पिगॉट ने बताया कि एक साल से भी कम समय में यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के वीजा रद्द किए गए हैं, उनमें हमला, चोरी और शराब पीकर वाहन चलाने जैसे अपराधों में आरोपी या दोषी पाए गए विदेशी नागरिक शामिल हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन के कार्यकाल के अंतिम वर्ष 2024 में लगभग 40,000 वीजा रद्द किए गए थे, जबकि 2025 में यह संख्या दोगुने से भी ज्यादा हो गई है। रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि इस साल जिन लोगों के वीजा रद्द हुए, उनमें बड़ी संख्या उन कारोबारियों और पर्यटकों की है जो वीजा की तय अवधि से अधिक समय तक अमेरिका में रुके थे।

इस पूरे मामले में सबसे ज्यादा चिंता छात्र वीजा रद्द होने को लेकर जताई जा रही है। अमेरिका दुनिया भर के छात्रों के लिए उच्च शिक्षा का प्रमुख केंद्र है, जहां भारत, चीन, लैटिन अमेरिका और अफ्रीका समेत कई देशों से लाखों छात्र पढ़ाई के लिए जाते हैं। 8,000 छात्र वीजा रद्द होने की खबर से अंतरराष्ट्रीय छात्रों और विश्वविद्यालयों में चिंता का माहौल है।

यह भी पढ़ें - अर्चना पूरन सिंह को हुई ये गंभीर बीमारी, इलाज भी है असंभव; मां-बेटे की आंखों से छलके आंसू

हालांकि, अमेरिकी प्रशासन का कहना है कि केवल उन्हीं छात्रों के वीजा रद्द किए गए हैं जो किसी न किसी आपराधिक गतिविधि में शामिल पाए गए थे। सरकार का दावा है कि यह कदम देश की सुरक्षा और कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए उठाया गया है।

 


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mehak

Related News