यौन उत्पीडऩ के आरोप में टीआरएस सांसद का पुत्र गिरफ्तार

Monday, Aug 13, 2018 - 08:11 PM (IST)

हैदराबादः राज्य में सत्तारूढ़ टीआरएस के सांसद डी श्रीनिवास के बेटे संजय को 12 छात्राओं के यौन उत्पीडऩ के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। उच्च न्यायालय ने संजय की अग्रिम जमानत याचिका हाल ही में खारिज कर दी थी। इसके बाद सांसद पुत्र कल निजामाबाद के सहायक पुलिस आयुक्त एम सुदर्शन के समक्ष उपस्थित हुआ, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद संजय को एक स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जिसने उसे 24 अगस्त तक के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया। सुदर्शन ने बताया, संजय पर 12 लड़कियों के यौन उत्पीडऩ और कॉलेज परिसर एवं अन्य स्थानों पर अश्लील व्यवहार करने का आरोप है।’’

इस महीने की शुरुआत में निजामाबाद में आरोपी द्वारा संचालित एक कॉलेज की बीएससी की 12 छात्राओं ने राज्य के गृह मंत्री नयनी नरसिंह रेड्डी के समक्ष शिकायत दर्ज कराते हुए संजय पर उत्पीडऩ और दुव्र्यवहार का आरोप लगाया था।

पुलिस ने कहा कि शिकायत के बाद संजय के खिलाफ आईपीसी की संबद्ध धाराओं में मामला दर्ज किया गया। इसके बाद संजय फरार हो गया और उसने अग्रिम जमानत याचिका दायर की, जिसे उच्च न्यायालय ने खारिज कर दिया।

Yaspal

Advertising