धीरेंद्र शास्त्री पर आई मुसीबत, सभी कार्यक्रमों पर तत्काल रोक लगाने की मांग

punjabkesari.in Thursday, Nov 05, 2026 - 08:36 PM (IST)

फिरोजाबाद :  बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री की मुश्किलें थमने का नाम नहीं ले रहीं।  उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा के पदाधिकारियों ने गुरुवार को धीरेंद्र शास्त्री की भगवान श्रीकृष्ण के संबंध में की गई टिप्पणी के विरोध में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। महासभा ने धीरेंद्र शास्त्री को बागेश्वर धाम से हटाने और उनके सभी कार्यक्रमों पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। 

शिकोहाबाद में महासभा का प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचा और अपनी आपत्तियां दर्ज कराते हुए कहा कि भगवान को राजनीतिक विषय नहीं बनाया जाना चाहिए। भगवान श्रीराम, भगवान श्रीकृष्ण, भगवान शिव अथवा अन्य देवी-देवताओं में आस्था रखने वाले सभी लोगों की धार्मिक भावनाओं का समान रूप से सम्मान किया जाना चाहिए।     

प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने कहा कि किसी एक आराध्य के सम्मान को दूसरे आराध्य के सम्मान के विरुद्ध खड़ा करना भारतीय संस्कृति, धार्मिक सछ्वाव और सामाजिक एकता की भावना के विपरीत है। धीरेंद्र शास्त्री सहित किसी भी सार्वजनिक व्यक्ति को अपनी लोकप्रियता या मंचीय प्रभाव का इस्तेमाल कर दूसरों की धार्मिक आस्था को आहत करने का अधिकार नहीं है। 

महासभा ने आरोप लगाया कि धीरेंद्र शास्त्री की टिप्पणी से धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। प्रतिनिधिमंडल ने उनके विरुद्ध संबंधित कानूनी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कारर्वाई करने की मांग की। साथ ही बागेश्वर धाम में उनके स्थान पर किसी सात्विक प्रवृत्ति और शास्त्रों के ज्ञाता व्यक्ति को नियुक्त करने तथा उनके सभी कार्यक्रम तत्काल प्रभाव से रोकने की मांग की। महासभा के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि तीन दिन के भीतर धीरेंद्र शास्त्री के विरुद्ध कारर्वाई नहीं की गई तो संगठन धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगा। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Rahul Singh

Related News