उत्तराखंड के नए CM बनें त्रिवेंद्र सिंह रावत, PM मोदी की माैजूदगी में ली शपथ

Saturday, Mar 18, 2017 - 04:01 PM (IST)

नई दिल्लीः त्रिवेंद सिंह रावत ने आज उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उनके साथ सर्वश्री सतपाल महाराज, प्रकाश पंत, हरक सिंह रावत, बिशन सिंह चुफाल, मदन कौशिक, यशपाल आर्य, सुबोध उनियाल और अरविंद पांडे ने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली। सुश्री रेखा आर्य और श्री धन सिंह रावत ने राज्य मंत्री के पद की शपथ ग्रहण की। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह, केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह, केन्द्रीय कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद, कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री थावरचंद गहलोत, स्वास्थ्य मंत्री जे पी नड्डा, ऊर्जा मंत्री पीयूष गोयल, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास मौजूद थे। बता दें कि उत्तराखंड चुनाव में बीजेपी ने 57 सीटों पर जीत का परचम लहराया है। 70 सदस्यों वाली विधानसभा में कांग्रेस को सिर्फ 11 सीटें मिली थीं।

कैबिनेट मंत्री:-
1) सतपाल महाराज- कांग्रेस से बगावत कर भाजपा में शामिल हुए सतपाल रेल राज्य मंत्री भी रह चुके है। वह सीएम पद की दौड़ में भी शामिल थे।
2) मदन कौशिक- हरिद्वार से लगातार चौथी बार जीतकर आए मदन कौशिक भाजपा का बड़ा चेहरा हैं।
3)प्रकाश पंत- भाजपा के वरिष्ठ नेता हैं, सीएम की दौड़ में भी पूरी तरह शामिल रहे हैं। 2007 में भाजपा सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं।
4) यशपाल आर्य- टिकट बंटवारे से ठीक पहले बेटे संजीव आर्य समेत कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए यशपाल आर्य कांग्रेस के दिग्गज नेताओं में शुमार थे।
5) डा.हरक सिंह रावत- कांग्रेस से बगावत कर भाजपा के टिकट पर कोटद्वार से जीतकर आए हैं। 
6)सुबोध उनियाल- पूर्व सीएम विजय बहुगुणा के बेहद खास माने जानें वाले सुबोध उनियाल नरेंद्रनगर से जीते हैं।
7)अरविंद पांडे- गदरपुर से भाजपा विधायक अरविंद पांडे लगातार 4 बार विधायक बनें हैं। वे पालिकाध्यक्ष भी रह चुके हैं। 

राज्यमंत्री:-
8)धन सिंह रावत- आरएसएस से लंबे समय तक जुड़े रहे धन सिंह श्रीनगर से चुनाव जीतकर आए हैं। उनकी केंद्र में अच्छी पकड़ है।
9)रेखा आर्य- कांग्रेस से बगावत कर भाजपा में आई रेखा आर्य भी सांसद और पूर्व सीएम कोश्यारी की करीबी हैं। 




कौन हैं त्रिवेंद्र सिंह रावत? 
त्रिवेंद्र सिंह रावत का जन्म 20 दिसंबर, 1960 को उत्तराखंड के गांव खैरासैण में हुआ था। उनके पिता का नाम प्रताप सिंह रावत और माता का नाम बोद्धा देवी था। उनकी पत्नी सुनीता रावत एक सरकारी स्कूल में शिक्षिका हैं। रावत ने हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया और वह इतिहास से पोस्ट ग्रेजुएशन कर चुके हैं। उनकी 2 बेटियां हैं। त्रिवेंद्र रावत बेहद साफ छवि के नेता हैं और उन पर एक भी केस दर्ज नहीं है। रावत ने चुनाव आयोग में दायर किए गए हलफनामे में 1 करोड़ रुपए से अधिक की संपत्ति दिखाई है। रावत को पार्टी अध्‍यक्ष अमित शाह का करीबी माना जाता है। त्रिवेंद्र वर्तमान में झारखंड के प्रदेश प्रभारी का पद भी संभाल रहे हैं। देहरादून में हुई विधायक दल की बैठक में बीजेपी ने राज्य के सीएम के तौर पर त्रिवेंद्र सिंह रावत के नाम पर मुहर लगाई गई थी।

 

Advertising