त्रिपुरा: एनआरसी के मुद्दे पर प्रदयोत देब बर्मन ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पद से दिया इस्तीफा

Tuesday, Sep 24, 2019 - 10:06 PM (IST)

अगरतलाः कांग्रेस आलाकमान पर उन पर ‘भ्रष्ट लोगों' को कार्यकारिणी में शामिल करने का दबाव बनाने का आरोप लगाते हुए पार्टी की त्रिपुरा इकाई के अध्यक्ष प्रद्यूत किशोर माणिक्य देवबर्मन ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। देबबर्मन ने कहा कि उन्होंने कुछ दिन पहले ही अपना त्यागपत्र दे दिया था लेकिन कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व ने उनसे बधारघाट विधानसभा उपचुनाव से पहले अपना इस्तीफा सार्वजनिक नहीं करने का अनुरोध किया था। सोमवार को बधारघाट निर्वाचन क्षेत्र में उपचुनाव हुआ।

उन्होंने दिल्ली से फोन पर बताया, ‘‘ मैंने कुछ दिन पहले पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया। पार्टी आलाकमान ने मुझसे प्रदेश नेताओं के एक वर्ग के साथ समझौता कर लेने को कहा था लेकिन मैंने उनसे कहा कि यह संभव नहीं है।'' उन्होंने कहा, ‘‘ तब उन्होंने मुझसे उस अर्जी को वापस लेने को कहा जिसे मैंने त्रिपुरा में राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) लागू करने के लिए दायर किया था, लेकिन मैं उस पर भी राजी नहीं हुआ।''

त्रिपुरा के पूर्ववर्ती राजपरिवार के वंशज ने अपने फेसबुक पोस्ट में कांग्रेस नेतृत्व की कड़ी आलोचना भी की है। उन्होंने फेसबुक पर लिखा, ‘‘ लंबे वक्त के बाद चिंतामुक्त होकर उठा। आज मेरा दिन अपराधियों और झूठों की बातें सुने बिना शुरू हुआ। भ्रष्ट लोगों को कैसे ऊंचे पदों पर समायोजित करना है, इस बारे में आलाकमान की भी नहीं सुन रहा।'' उन्होंने कहा कि वह सुबाल भौमिक को त्रिपुरा कांग्रेस का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त करने के केंद्रीय नेतृत्व के फैसले से भी नाखुश हैं।

पूर्व कांग्रेस विधायक भौमिक विधानसभा चुनाव से पहले 18 फरवरी को भाजपा में शामिल हो गये थे और प्रदेश पार्टी उपाध्यक्ष का पद उन्हें दिया गया था लेकिन लोकसभा चुनाव से पहले वह अपनी पूर्व पार्टी में लौट आये। देबबर्मन को इस साल 25 फरवरी को त्रिपुरा कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। वह बीर बिक्रम किशोर माणिक्य के पोते हैं जिनका पूववर्ती त्रिपुरा रियासत पर शासन था।

 

Yaspal

Advertising