त्रिपुरा के राज्यपाल ने रोहिंग्या मुसलमानों पर किया ट्वीट, छिड़ा विवाद

Monday, Sep 11, 2017 - 01:36 PM (IST)

अगरतला: त्रिपुरा के राज्यपाल तथागत राय ने ट्वीट कर रोहिंग्या मुसलमानों के भारत में पुनर्वास का विरोध किया जिससे एक नया विवाद खड़ा हो गया। राय के ट्वीट को लेकर विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने उनकी आलोचना की। तमाम आलोचनाओं के बावजूद वह अपने रुख पर कायम हैं। वह रोहिंग्या मुसलमानों के मामले में पिछले कुछ दिनों से लगातार ट्वीट कर रहे हैं। 

 


राय ने ट्वीट कर कहा कि बंगलादेश अथवा कोई भी मुस्लिम देश रोहिंग्या मुसलमानों को शरणार्थी के रूप में स्वीकार नहीं कर रहा है। लेकिन भारत तो एक महान धर्मशाला है और उसे रोहिंग्या मुसलमानों को स्वीकार कर लेना चाहिए और यदि आप न कहते हैं तो आप अमानवीय हैं। राज्यपाल ने तत्कालीन पूर्वी पाकिस्तान में हिन्दुओं पर हुए अत्याचारों एवं नरसंहार का जिक्र करते हुए रोहिंग्या मुसलमानों के मसले पर एक के बाद एक ट्वीट करना जारी रखा।


भारतीय जनता पार्टी ने राज्यपाल के बयान पर कोई टिप्पणी करने से इंकार कर दिया है जबकि कांग्रेस और माक्र्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने राय के ट्वीट की आलोचना करते हुए उन पर अपने पद का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया है। वामपंथी राजनेताओं और बुद्धिजीवियों ने रोहिंग्या  मुसलमानों के भारत में पुनर्वास का खुलकर समर्थन किया है।

 

 

Advertising