त्रिपुरा विधानसभा चुनाव: कल होगा पार्टियों की किस्मत का फैसला

Saturday, Feb 17, 2018 - 03:21 PM (IST)

नेशनल डेस्क: त्रिपुरा विधानसभा चुनाव को लेकर पूरा दम दिखाने वाली पार्टियों की किस्मत का फैसला कल होगा। रविवार सुबह 3214 चुनावी बूथों पर वोटिंग कराई जाएगी।  इन चुनावों में भारतीय जनता पार्टी 25 सालों से राज्य में सत्ता पर काबिज सत्तारूढ़ वाम दल के सामने प्रमुख दावेदार के तौर पर उभर रही है। विधानसभा की 60 में से 59 सीटों पर कल फैसला होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राज्य में चार रैलियों को संबोधित किए जाने के साथ ही भाजपा ने यहां जमकर प्रचार-प्रसार किया है। 

दौड़ में 307 उम्मीदवार
पांचवी बार मुख्यमंत्री बनने की दौड़ में शामिल माणिक सरकार ने माकपा के प्रचार अभियान का नेतृत्व करते हुए राज्य में करीब 50 रैलियों को संबोधित किया। वहीं कांग्रेस का प्रचार अभियान कुछ हल्का रहा। पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रचार के आखिरी दिन उनाकोटी जिले के कैलाशहर में एक रैली को संबोधित किया। इन चुनावों में कुल 307 उम्मीदवार दौड़ में हैं। माकपा 57 सीटों पर चुनाव लड़ रही है जबकि अन्य वामपंथी दल आरएसपी, फॉरवर्ड ब्लॉक और भाकपा ने एक-एक सीट पर उम्मीदवारी दर्ज कराई है। 

मतदान के लिए पुख्ता इंतजाम
वही चुनाव में स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित कराने के लिए निर्वाचन आयोग ने पुख्ता इंतजाम किये हैं। निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने कहा है कि राज्य में मतदान व्यवस्था के लिए चार हजार सरकारी वाहनों के अलावा 22 हजार अन्य वाहनों को ड्यूटी पर लगाया है। राष्ट्रीय राजमार्ग, जिला सड़कों और गांवों की सड़कों पर मतदान कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा बल के जवान मार्च करेंगे। तकरीबन 85 प्रतिशत मतदान केंद्रों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों की मदद से की जाएगी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव के लिए सभी समुचित कदम उठाये गये हैं। 

Advertising