तीन तलाक पर SC के फैसले से भाजपा की लग सकती है लॉटरी

Wednesday, Aug 23, 2017 - 01:01 PM (IST)

नई दिल्ली: उच्चतम न्यायालय ने एेतिहासिक फैसले में मुस्लिम समुदाय में प्रचलित एक बार में तीन तलाक कह कर तलाक देने की 1400 साल पुरानी प्रथा खत्म करते हुए इसे पवित्र कुरान के सिद्धांतों के खिलाफ और इससे इस्लामिक शरिया कानून का उल्लंघन करने सहित अनेक आधारों पर निरस्त कर दिया। तीन तलाक पर सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले के बाद भाजपा को मुस्लिम कम्युनिटी की खासकर आधी आबादी और यूथ्स का सपोर्ट मिल सकता है। बीजेपी को लोकसभा की 218 सीटों पर फायदा होने के आसार हैं। भाजपा इस मुद्दे को आने वाले 15 राज्यों के विधानसभा और 2019 के लोकसभा चुनाव में और जोर-शोर से उठा सकती है। 

भाजपा का होगा फायदा
लोकसभा की 543 सीटों में से 145 सीटें ऐसी हैं, जिन पर 11 से 20 फीसदी मुस्लिम आबादी है। 35 सीटें ऐसी हैं जिन पर मुस्लिम आबादी 30 प्रतिशत से ज्यादा है। देश में सबसे ज्यादा 9 लोकसभा सीटें पश्चिमी बंगाल में हैं, जहां 30 प्रतिशत से ज्यादा मुस्लिम आबादी है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश में 8, केरल में 4, असम में 4, बिहार में 3 ऐसी सीटें हैं। वहीं, जिन 15 राज्यों में 2019 से पहले या साथ में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं, उनमें 8 राज्य ऐसे हैं, जहां 5 प्रतिशत से ज्यादा मुस्लिम आबादी है। इन 15 राज्यों में कुल 1747 विधानसभा सीटें हैं, इनमें करीब 166 सीटें मुस्लिम बहुल हैं। यानी करीब 10.52 प्रतिशत सीटों पर मुस्लिम आबादी का अहम रोल है। फिलहाल, जिन दो प्रमुख राज्यों में चुनाव होने वाले हैं, उनमें गुजरात और कर्नाटक शामिल हैं। गुजरात में 34 सीटें और कर्नाटक में 40 मुस्लिम बहुल सीटें हैं। यानी, कोर्ट के तीन तलाक पर फैसले के बाद भाजपा की लाटरी निकल सकती है और उसे 218 सीटों पर फायदा हो सकता है।


 

Advertising