लोकसभा चुनावों में हार की समीक्षा करेगी तृणमूल कांग्रेस

Friday, May 24, 2019 - 06:50 PM (IST)

कोलकाता: पश्चिम बंगाल में हुए लोकसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से मिली शिकस्त से परेशान राज्य में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस प्रमुख एवं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपने कालीघाट स्थित निवास पर शनिवार को पार्टी की आपातकालीन बैठक बुलाई है जिसमें परिणाम बाद स्थिति की समीक्षा की जाएगी। तृणमूल को राज्य में इस बार हुए आम चुनाव में भाजपा ने करारा झटका दिया है।

भाजपा ने 40 प्रतिशत से अधिक वोट हासिल कर 18 लोकसभा सीटों पर जीत हासिल की है जो वर्ष 2014 में हुए चुनावों से 16 सीटें अधिक हैं। भाजपा ने वास्तव में उत्तरी बंगाल तथा ग्रामीण दक्षिण बंगाल में शानदार प्रदर्शन किया है। राज्य में लोकसभा की 42 सीटों में से तृणमूल इस बार केवल 22 सीटों पर सिमट कर रह गई है। राज्य में 2011 से सत्तारूढ़ तृणमूल ने वर्ष 2014 में 34 सीटों पर कब्जा किया था लेकिन इस बार मोदी लहर ने उसकी सीटों पर भी काफी असर डाला। कांग्रेस के सीटों की संख्या पहले की तुलना में आधी रह गई। पहले कांग्रेस के पास लोकसभा की चार सीटें थीं जिनमें से अब केवल दो ही इसके पास रह गई है।

राज्य में दशकों बाद मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के नेतृत्ववाली वाम मोर्चा के खाते में एक भी सीट नहीं आई। इससे पहले माकपा के खाते में दो सीट रही थी। पार्टी सूत्रों के मुताबिक ममता बनर्जी ने आपात बैठक में सभी निर्वाचित सांसदों तथा हारे हुए उम्मीदवारों को बुलाया है जिसमें चुनाव परिणामों की विस्तार से समीक्षा की जाएगी। बैठक में पार्टी के तमाम वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे। सूत्रों के मुताबिक यह बैठक शनिवार शाम चार बजे दक्षिण कोलकाता के कालीघाट स्थित ममता बनर्जी के आवास पर होगी।

बैठक में विधानसभा उप चुनावों के परिणामों को लेकर भी चर्चा की जाएगी। तृणमूल को राज्य में आठ विधान सभा सीटों के लिए हुए उपचुनावों में भी हार का सामना करना पड़ा। भाजपा ने उपचुनावों में भी बढ़त हासिल करते हुए इनमें से चार सीटों पर जीत हासिल की जबकि तृणमूल के खाते में केवल तीन और कांग्रेस एक सीट जीतने में सफल रही।

shukdev

Advertising