तृणमूल कांग्रेस ने लोकसभा में किया हंगामा

Tuesday, Aug 01, 2017 - 04:57 PM (IST)

नई दिल्ली: लोकसभा में तृणमूल कांग्रेस तथा भाजपा सदस्यों के एक दूसरे पर सत्ता के दुरुपयोग का आरोप लगाया और जमकर हंगामा किया। शून्यकाल में तृणमूल कांग्रेस के सौगत राय ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी गोवा और मणिपुर के तरीके से अब बिहार में सरकार बना चुकी है तथा गुजरात में कांग्रेस के विधायकों को खरीद रही है। बिहार में उपमुख्यमंत्री के घर पर केंद्रीय जांच ब्यूरो के छापे मरवाए गए। उत्तर प्रदेश में बहुजन समाज पार्टी तथा समाजवादी पार्टी के विधायकों को तोड़ा गया लेकिन पश्चिम बंगाल में वह ऐसा नहीं कर सके। 

इसी बीच भाजपा के किरीट सोमैया ने पश्चिम बंगाल में एक कंपनी का मामला उठाया और आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस सत्ता का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि मीडिया में भी खबर आई है कि आरोपी कंपनी का पता मुख्यमंत्री के आवास हरीश चटर्जी स्ट्रीट का है। भाजपा सदस्य ने सबूत दिखाते हुए कहा कि राज्य के कई बड़े नेता भ्रष्टाचार के आरोप के घेरे में है। सोमैया के आरोप के बाद तृणमूल कांग्रेस के सदस्य हंगामा करने लगे। पार्टी के नेता सुदीप्त वंद्योपाध्याय ने कुछ कहने का प्रयास किया लेकिन उन्हें बोलने नही दिया गया। इसी बीच पार्टी के सदस्य हंगामा करते हुए सदन के बीचोंबीच आकर ‘तानाशाही नहीं चलेगी, मीडिया खरीदने वाले प्रधानमंत्री दूर हटो’ जैसे नारे लगाने लगे। 

Advertising