चलती बस पर गिरा पेड़, 5 की मौत, लोग बनाते रहे वीडियो, महिला बोली- जिंदगी का सवाल है...

punjabkesari.in Friday, Aug 08, 2025 - 03:00 PM (IST)

नेशनल डेस्क: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में भारी बारिश के बीच एक बड़ा और दर्दनाक हादसा हो गया है, जहाँ यात्रियों से भरी एक रोडवेज बस पर अचानक एक विशाल पेड़ गिर गया। इस हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हुए हैं, जिनमें से दो की हालत गंभीर है।

दर्दनाक हादसे की पूरी कहानी
यह घटना बाराबंकी-हैदरगढ़ मार्ग पर हरख राजा बाजार के पास हुई। यात्रियों से भरी बस गुजर रही थी, तभी तेज बारिश के कारण एक पेड़ बस पर गिर गया। इसके बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए बस की खिड़कियों से कूदने लगे।

वीडियो बनाने वालों पर भड़की महिला
हादसे के बाद जब लोग बस में फंसी महिला यात्रियों का वीडियो बना रहे थे, तो एक महिला ने दर्द से कराहते हुए कहा, "यहाँ जिंदगी-मौत का सवाल है और आप लोग वीडियो बना रहे हैं। अगर मदद करते तो हम बाहर निकल आते।" महिला के इस सवाल के बाद, वीडियो बना रहे लड़कों को भीड़ ने वहाँ से हटा दिया।
PunjabKesari

पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। पेड़ को काटकर लोगों को बाहर निकाला गया। अधिकारियों ने बताया कि मरने वालों में चार महिलाएं और बस का चालक शामिल हैं। घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि मृतकों में एक महिला टीचर भी शामिल हैं, जो छुट्टी के बावजूद ट्रेनिंग के लिए स्कूल जा रही थीं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mansa Devi

Related News