Rajasthan में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 26 IAS और 53 RAS अधिकारियों के हुए तबादले
punjabkesari.in Tuesday, Aug 18, 2026 - 10:38 AM (IST)
जयपुर : राजस्थान सरकार ने राज्य के प्रशासनिक ढांचे में बड़ा फेरबदल किया है। कार्मिक विभाग द्वारा सोमवार देर रात जारी अलग-अलग आदेशों के अनुसार 26 भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) और 53 राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) अधिकारियों का स्थानांतरण व नया पदस्थापन किया गया है। माना जा रहा है कि आगामी शहरी स्थानीय निकायों और पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों को ध्यान में रखते हुए यह फेरबदल किया गया है।
कार्मिक विभाग ने देर रात इस बारे में अलग अलग आदेश जारी किए। आदेश के अनुसार कई विकास प्राधिकरणों, शहरी निकायों और जिला स्तरीय पदों पर तैनात कई अधिकारियों का तबादला/पदस्थापन किया गया है। भारतीय प्रशासनिका सेवा (आईएएस) अधिकारियों के तबादला आदेश के अनुसार अजमेर विकास प्राधिकरण की आयुक्त नित्या के. को ऊर्जा विभाग में संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है।
इसी तरह जोधपुर में सरदार पटेल पुलिस विश्वविद्यालय की रजिस्ट्रार शिल्पा सिंह को आयोजना विभाग में संयुक्त सचिव पद पर नियुक्त किया गया है जबकि जोधपुर विकास प्राधिकरण के आयुक्त उत्साह चौधरी का तबादला आपदा प्रबंधन और सहायता विभाग में संयुक्त सचिव के पद पर किया गया है।
यह भी पढ़ें: Delhi-NCR में उमस से लोग बेहाल: देश के 20 से ज्यादा राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
श्रीगंगानगर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) के तौर पर काम कर रहे आईएएस गिरधर को खैरथल-तिजारा में भिवाड़ी एकीकृत विकास प्राधिकार (बीडा) का मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। आईएएस प्रतिभा वर्मा को चिकित्सा और स्वास्थ्य विभाग का निदेशक नियुक्त किया गया है जबकि अभिषेक जैन को श्रीगंगानगर ज़िला परिषद का मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया गया है।
देर रात 53 RAS अफसरों के तबादले आदेश कार्मिक विभाग ने जारी किए।#TransferOrderras pic.twitter.com/xpIvJmtRpn
— RS Meena (@Rsmeena865Meena) August 18, 2026
इसी तरह गौरव बुडानिया को अजमेर नगर निगम का आयुक्त और जैसलमेर जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी के तौर पर काम कर रहीं रश्मि रानी को अजमेर विकास प्राधिकरण का आयुक्त नियुक्त किया गया है।
सरकार ने एक अलग आदेश में राजस्थान प्रशासनिक सेवा (आरएएस) के 53 अधिकारियों का भी तबादला किया। उल्लेखनीय है कि यह तबादले राज्य में शहरी स्थानीय निकायों और पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों से पहले हुए हैं। इससे पहले भी राज्य सरकार ने हाल में कई अधिकारियों के तबादले/पदस्थापन किए थे।
