Arunachal Scam: ED का बड़ा एक्शन, हाईवे घोटाले में 2.37 करोड़ की संपत्ति जब्त

punjabkesari.in Saturday, Mar 28, 2026 - 07:48 PM (IST)

नेशनल डेस्क: Enforcement Directorate ने अरुणाचल प्रदेश में ट्रांस-अरुणाचल हाईवे से जुड़े जमीन मुआवजा घोटाले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 2.37 करोड़ रुपये की संपत्तियों को अटैच कर लिया है। यह कार्रवाई 23 मार्च 2026 को की गई और इसे मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामलों में अहम कदम माना जा रहा है।

किन संपत्तियों पर गिरी गाज

जांच एजेंसी के मुताबिक जब्त की गई संपत्तियों में एक बड़ी जमीन और एक पारंपरिक मकान शामिल है। ये संपत्तियां अलग-अलग जिलों में स्थित हैं और आरोप है कि इन्हें फर्जी मुआवजे से हासिल किया गया। ED का दावा है कि इन संपत्तियों का सीधा संबंध ट्रांस-अरुणाचल हाईवे प्रोजेक्ट के दौरान हुए कथित घोटाले से है।

 कैसे हुआ करोड़ों का घोटाला

यह मामला ट्रांस-अरुणाचल हाईवे के पोटिन-बोपी सेक्शन के लिए जमीन अधिग्रहण से जुड़ा है। जांच में सामने आया कि वास्तविक मुआवजे से कहीं ज्यादा राशि का भुगतान किया गया। फैक्ट फाइंडिंग रिपोर्ट के अनुसार, करीब 44.98 करोड़ रुपये का अतिरिक्त भुगतान हुआ, जिससे सरकारी खजाने को बड़ा नुकसान हुआ।

अधिकारियों और निजी लोगों की भूमिका

इस मामले में कई सरकारी अधिकारियों और कुछ निजी व्यक्तियों की भूमिका जांच के दायरे में आई है। आरोप है कि फर्जी दस्तावेज तैयार कर मुआवजे की रकम बढ़ाई गई और गलत लोगों को भुगतान किया गया। जांच एजेंसी के अनुसार, इस रकम को बाद में अलग-अलग माध्यमों से घुमाकर वैध दिखाने की कोशिश की गई।

पहले भी हुई थी बड़ी छापेमारी

इससे पहले फरवरी 2026 में भी Enforcement Directorate ने कई ठिकानों पर छापेमारी की थी। उस दौरान भारी मात्रा में नकदी बरामद हुई थी और कई बैंक खातों को फ्रीज किया गया था। अब तक इस पूरे मामले में 10 करोड़ रुपये से ज्यादा की संदिग्ध संपत्तियां जब्त या फ्रीज की जा चुकी हैं।

जांच जारी, और खुलासों के संकेत

जांच एजेंसी ने इस मामले में पहले ही आरोपपत्र दाखिल कर दिया है और अदालत ने उस पर संज्ञान भी ले लिया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच अभी जारी है और आगे और बड़े खुलासे हो सकते हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

SHUKDEV PRASAD

Related News