हड़ताल के दो दिन बाद कश्मीर में पटरी पर दौड़ी रेल

Monday, Jan 14, 2019 - 02:42 PM (IST)


श्रीनगर : दक्षिणी कश्मीर में सोमवार को रेल सेवा फिर से बहाल कर दी गई। सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच हुई शनिवार शाम मुठभेड़ में दो आंतकवादियों के मारे जाने के बाद यहां रेल सेवा स्थगित कर दी गयी थी। रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस की सलाह पर सुरक्षा कारणों की वजह से दक्षिणी कश्मीर में रेल सेवा को स्थगित करने का फैसला लिया गया था। उन्होंने कहा कि दक्षिणी कश्मीर में बडगाम -श्रीनगर, अनंतनाग-काजीगुंड से जम्मू क्षेत्र के बनिहाल के बीच रेल सेवा बहाल कर दी गई है।

उत्तर कश्मीर में श्रीनगर-बडगाम और बारामूला के बीच चलने वाली रेल सेवा को स्थगित नहीं किया गया है वह अपने पूर्व निर्धारत कार्यक्रम के अनुसार चल रही है। नव वर्ष की शुरूआत में यह तीसरा मौका है रेल सेवाओं को स्थगित करना पड़ा।  रेल सेवाओं को स्थगित करने पर बारामूला-श्रीनगर-बनिहाल के बीच यात्रा करने वाले हजारों यात्री बुरी तरह प्रभावित हुए। क्योंकि यह घाटी में उपलब्ध परिवहन में अन्य साधनों के मुकाबले सस्ता, तेज और सुरक्षित है।
 

Monika Jamwal

Advertising