Train Cancelled News: सितंबर में रद्द रहेंगी 338 ट्रेनें, 500 अन्य ट्रेनें प्रभावित- सफर से पहले जरूर चेक करें अपना ट्रेन स्टेटस

punjabkesari.in Monday, Aug 03, 2026 - 01:43 PM (IST)

नई दिल्ली: अगर आप सितंबर या अक्टूबर की शुरुआत में ट्रेन से यात्रा करने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। भारतीय रेलवे ने 20 सितंबर से 4 अक्टूबर के बीच कई ट्रेनों के संचालन में बदलाव करने का फैसला लिया है। इस दौरान कुछ ट्रेनों को पूरी तरह रद्द किया जाएगा, जबकि कई ट्रेनों के रूट में बदलाव किया जाएगा।

कुल 845 ट्रेन सेवाएं प्रभावित रहेंगी, 338 ट्रेनें पूरी तरह रद्द
दऱअसल, भारतीय रेलवे ने बिहार के मोकामा के पास गंगा नदी पर बने नए डबल लाइन रेल पुल को चालू करने की तैयारी शुरू कर दी है। इस काम के लिए 21 सितंबर से 4 अक्टूबर 2026 तक नॉन-इंटरलॉकिंग (NI) कार्य किया जाएगा। इस दौरान देश के सबसे व्यस्त दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर ट्रेनों के संचालन में बड़े स्तर पर बदलाव किए जाएंगे। रेलवे के अनुसार, इस अवधि में कुल 845 ट्रेन सेवाएं प्रभावित रहेंगी। इनमें 338 ट्रेनें पूरी तरह रद्द, 384 ट्रेनों का रूट बदला जाएगा, 56 ट्रेनों को बीच रास्ते में ही समाप्त (Short Terminate) किया जाएगा, जबकि 67 ट्रेनें अपने तय शुरुआती स्टेशन से पहले ही चलाई जाएंगी ।

क्या है पूरा मामला?
पूर्व मध्य रेलवे  के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) ने बताया कि मोकामा के पास गंगा नदी पर बने नए डबल लाइन रेल पुल को मौजूदा रेलवे नेटवर्क से जोड़ने के लिए यह तकनीकी कार्य किया जाएगा। इसके तहत Upper Hathidah Junction, Tal Junction, Rampur Dumra, Dinkar Gram Simaria और Barauni Junction पर ट्रैक और सिग्नल सिस्टम को नए पुल से जोड़ा जाएगा। यह प्रक्रिया 21 सितंबर से शुरू होकर 4 अक्टूबर तक चलेगी।

क्यों बनाया गया नया रेल पुल?

मोकामा और बरौनी को जोड़ने वाला राजेंद्र रेल-सह-सड़क पुल वर्ष 1959 से सेवा में है। इस पुल पर केवल एक रेलवे लाइन है और तकनीकी कारणों से इसे डबल लाइन में बदला नहीं जा सकता था। इसी वजह से रेलवे ने वर्ष 2015-16 के रेल बजट में लगभग 1,491.47 करोड़ रुपये की लागत से समानांतर डबल लाइन रेल पुल बनाने की मंजूरी दी थी।

नए पुल की खास बातें
गंगा नदी पर लगभग 1.9 किलोमीटर लंबा मुख्य रेल पुल
मौजूदा राजेंद्र पुल से करीब 50 मीटर की दूरी पर निर्माण
डबल रेलवे लाइन की सुविधा
करीब 14 किलोमीटर लंबी एप्रोच लाइन
9 छोटे पुल (Minor Bridges)
2 रोड ओवर ब्रिज (ROB)
3 रेल ओवर रेल संरचनाएं

रेलवे का कहना है कि नए पुल के शुरू होने से दिल्ली-हावड़ा रेल कॉरिडोर पर ट्रेनों की आवाजाही और क्षमता में बड़ा सुधार होगा।

338 ट्रेनें रहेंगी रद्द

रेलवे ने 20 सितंबर से 4 अक्टूबर 2026 के बीच अलग-अलग तारीखों में 338 ट्रेनों को रद्द करने का फैसला किया है। इनमें कई एक्सप्रेस, मेल, सुपरफास्ट और पैसेंजर ट्रेनें शामिल हैं।

सबसे अधिक प्रभावित होने वाली प्रमुख ट्रेनें
Howrah–Mokama Express
Mokama–Howrah Express
Howrah–Jaynagar Express
Jaynagar–Howrah Express
Kolkata–Sitamarhi Express
Sealdah–Jaynagar Express
Jaynagar–Sealdah Express
Saharsa–Rajendra Nagar Express
Rajendra Nagar–Saharsa Express
Malda Town–Patna Express
Patna–Malda Town Express
Bhagalpur–Muzaffarpur Express
Muzaffarpur–Bhagalpur Express
Darbhanga–Howrah Express
Howrah–Darbhanga Express
Ranchi–Gorakhpur Express
Gorakhpur–Ranchi Express
Puri–Patna Express
Patna–Puri Express
Kiul–Patna Passenger
Patna–Kiul Passenger
Mokama–Kiul Passenger

इनके अलावा विभिन्न तिथियों में कई स्पेशल और अन्य लंबी दूरी की ट्रेनें भी रद्द रहेंगी।

यात्रियों के लिए रेलवे की सलाह

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन का स्टेटस, रूट और समय जरूर जांच लें। कई ट्रेनों के रूट बदले गए हैं, जबकि कुछ ट्रेनें अपने निर्धारित स्टेशन तक नहीं जाएंगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News